बाड़मेर। बायतु विधायक एवं पूर्व राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शिव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आजाद नगर, गंगाला (रामसर) स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा कक्ष निर्माण हेतु अपनी विधायक निधि से 6 लाख रुपये की अनुशंसा की है।
उक्त विद्यालय लंबे समय से भवन एवं मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहा था। छोटे-छोटे विद्यार्थी खुले आसमान के नीचे तथा प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में अध्ययन करने को मजबूर थे। इस स्वीकृति से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि यह केवल एक कक्षा कक्ष का निर्माण नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक छोटा किन्तु सार्थक कदम है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि विद्यालय के पूर्ण भवन निर्माण हेतु भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की शिक्षा प्रभावित न हो।
उन्होंने राज्य के उन विद्यालयों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की जहाँ भवन, कक्षाओं और आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा विभाग तथा माननीय शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से आग्रह किया कि ऐसे विद्यालयों की व्यापक सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर बजट आवंटित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया प्रत्येक सकारात्मक कदम भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।
ग्राम आजाद नगर, गंगाला (रामसर) के स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया है। यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।





