डाबला रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरपास पर सोमवार देर रात एक ट्रेलर ने लोहे के बैरिकेड को टक्कर मार दी। बैरिकेड बाइक सवार दो युवकों पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों की पहचान ग्राम बिहार निवासी उमेश योगी पुत्र राजेंद्र योगी और दीपांशु मीणा पुत्र सुरेश मीणा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर डाबला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने अपनी गाड़ी में हॉस्पिटल पहुंचाया
पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी गाड़ी से घायलों को पाटन सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल, घायलों में से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओवरलोड वाहनों से कई बार टूटा बैरियर
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि इस अंडरपास से दिनभर ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। अंडरपास के बाहर लगा हाइट बैरियर पहले भी कई बार ओवरलोड ट्रकों की टक्कर से टूट चुका है, लेकिन इस संबंध में कोई विशेष कार्रवाई नहीं की जाती है।





