जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की गई। घटना करीब चार माह पुरानी है। इसे लेकर अब रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
लीलाधर खत्री निवासी सुभाष विहार सुभाष नगर पाल रोड ने शास्त्री नगर थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित के फेसबुक आईडी पर इन्वेस्टमेंट के नाम पर विज्ञापन आया। इस पर क्लिक करने के बाद पीड़ित को तीन अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। यहां पीड़ित को एक महिला ने झांसे में लेकर उससे अलग-अलग खातों में करीब डेढ़ करोड़ रुपए डलवा लिए गए।

फेसबुक पर विज्ञापन पर क्लिक करते ही व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा पीड़ित लीलाधर खत्री ने बताया- राजस्थान प्रॉपर्टी डीलिंग और शेयर बाजार में ट्रेडिंग करता हूं। 15 अक्टूबर 2025 को फेसबुक देख रहा था। इस दौरान उसे अलग-अलग कंपनियों के नाम के विज्ञापन नजर आए। इस पर उन्होंने क्लिक किया तो उन्हें तीन अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ग्रुप में जोड़ने के बाद थोड़ी देर में एक महिला ने उन्हें कॉल किया और बताया कि कंपनी में इन्वेस्ट करने पर उन्हें भारी रिटर्न मिलेगा और कमाई भी होगी। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने 19 नवंबर 2025 को ट्रेडिंग अकाउंट खोला।
एप डाउनलोड कराकर अलग-अलग खातों में डलवाए रुपए पीड़ित ने बताया- कंपनी की महिला प्रतिनिधि की ओर से बताए अनुसार एक एप डाउनलोड किया। बाद में अलग-अलग खातों में पेमेंट डलवाया गया। इस तरह से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि उनसे इन्वेस्ट करवा ली गई। बाद में उन्हें एप से रिमूव कर दिया गया। बाद में उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी की गई है। इसको लेकर उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत की। वहीं अब शास्त्री नगर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।






