पाली में मंगलवार को पाली कलेक्ट्रेट परिसर में पाली प्रेस क्लब की नई मीडिया गैलरी का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
लोकार्पण के बाद संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि मीडिया देश और समाज का आईना है, जो अच्छी-बुरी घटनाओं और कमियों को सामने लाता है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि अपराध की खबरों के साथ-साथ शहर, प्रदेश और देश में हो रहे सकारात्मक कार्यों को भी प्रमुखता से दिखाया जाए, ताकि समाज में प्रेरणा का वातावरण बने और लोग अच्छे कार्यों के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि वे मीडिया के सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं और भविष्य में विकास कार्यों के लिए यदि किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो वे तत्पर रहेंगे।

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, डीआईजी आदर्श सिंधू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, आईएएस बिरजू गोपाल, एसडीएम विमलेन्द्र सिंह राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, सहायक निदेशक जनसंपर्क सौरभ सिंगारिया सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने वरिष्ठ मीडियाकर्मियों का साफा और माला पहनाकर सम्मान किया। इस मौके पर प्रेस क्लब परिसर में आत्मीय माहौल रहा और मीडिया-प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।





