Poola Jada
Home » राजस्थान » अंतरराज्यीय शादी रैकेट का भंडाफोड़ : बंगाल, असम, बिहार, यूपी, झारखंड से युवतियां लाकर रचते थे सौदेबाजी

अंतरराज्यीय शादी रैकेट का भंडाफोड़ : बंगाल, असम, बिहार, यूपी, झारखंड से युवतियां लाकर रचते थे सौदेबाजी

विवाह के नाम पर ठगी और मानव तस्करी के सनसनीखेज मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी भंवरलाल शर्मा को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी को जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र स्थित जयसिंहपुरा इलाके से पुलिस मुख्यालय की सीआईडी अपराध शाखा की टीम ने दस्तयाब कर लिया और उसे पुलिस थाना गिड़ा, जिला बालोतरा से आई टीम के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10,000 का इनाम घोषित है।
देशभर में फैला था जाल: पश्चिम राजस्थान के कुंवारे लड़के थे निशाने पर
अनुसंधान में सामने आया है कि भंवरलाल शर्मा का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था। यह गिरोह कोलकाता, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों से गरीब युवतियों को शादी या काम का झांसा देकर राजस्थान लाता था। इसके बाद इन लड़कियों को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में उन कुंवारे लड़कों को ऊँची कीमतों पर बेच दिया जाता था, जिनकी शादियां नहीं हो रही थीं। शादी के कुछ समय बाद ही यह गिरोह पीड़ितों को कानूनी मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर दोबारा अवैध वसूली और ठगी का खेल खेलता था।
सीआईडी की विशेष निगरानी में चला ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक अपराध शाखा ज्येष्ठा मैत्रयी के सुपरविजन में लंबे समय से फरार और इनामी अपराधियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में भंवरलाल शर्मा की लोकेशन पर सतत निगरानी रखी जा रही थी।
सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार शर्मा और कांस्टेबल बृजेश कुमार से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने भांकरोटा के जयसिंहपुरा इलाके में दबिश दी और आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शंकर दयाल शर्मा, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष भूमिका रही। टीम की समन्वित रणनीति और तकनीकी निगरानी के चलते दो साल से फरार चल रहा आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया।
क्या है पूरा मामला
प्रकरण के अनुसार आरोपी भंवरलाल शर्मा अपने साथियों के साथ मिलकर बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर पैसों के बदले फर्जी शादी करवाता था। परिवादी मगाराम से ₹2,50,000 लेकर लिव-इन रिलेशनशिप का फर्जी समझौता कराया गया। बाद में और युवतियां लाकर अन्य युवकों से प्रति लड़की ₹3 लाख वसूलने का दबाव बनाया गया तथा मना करने पर झूठे बलात्कार केस में फंसाने की धमकी दी गई।
एसपी मैत्रयी ने बताया कि आरोपी भंवरलाल शर्मा एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पिछले कई वर्षों से बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर उनकी सौदेबाजी करने वाले संगठित गिरोह का संचालन कर रहा था। पुलिस मुख्यालय की इस कार्रवाई के बाद अब इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरे बेनकाब होने की उम्मीद है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी भंवरलाल शर्मा का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2005 से उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं। इनमें थाना सांगानेर सदर, थाना सदर जयपुर, थाना श्याम नगर जयपुर, थाना गांधी नगर अजमेर, थाना केकड़ी सिटी जिला केकड़ी, थाना गिड़ा जिला बालोतरा सहित अन्य स्थानों के मामले शामिल बताए गए हैं। जिनमे उसके विरुद्ध अपहरण, फिरौती के लिए धमकाना, धोखाधड़ी और दुष्कर्म,बलवा करने, अवैध रूप से संपत्ति को नुकसान पहुँचाने, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल रहे हैं।
अब आगे क्या
गिरफ्तार आरोपी को थाना गिड़ा पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य नेटवर्क और संभावित पीड़ितों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

स्लीपर बस ने स्कूल-बस को मारी टक्कर, 6 स्टूडेंट्स घायल:हादसे में 11 हजार वॉट का बिजली पोल टूटकर स्कूल बस पर गिरा, फाल्ट होने से कटी थी इलेक्ट्रिसिटी

जयपुर-नागौर-फलोदी मेगा हाईवे पर स्कूल बस का एक्सीडेंट हो गया। रोड पर गड्‌ढों से अनियंत्रित हुई स्लीपर बस ने स्कूल