नगरपालिका (आम) निर्वाचन- 2026 शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। नगरपालिका चुनाव को लेकर राज्य काफी बवाल मचा। आखिरकार 23 को मतदान कार्य संपन्न हुआ। जिस तरह से मतदान प्रतिशत बढ़ा और मतदाताओं में अंत समय तक खामोशी कायम रही जिससे सभी प्रत्याशियों में हड़कंप मच गया है। मेयर से लेकर वार्ड प्रत्याशियों में उदासीनता इस बात को लेकर है कि कोई भी मतदाता खुलकर सामने नहीं आया और सभी प्रत्याशियों को उनके पक्ष में मत करने को कहा गया। 27 फरवरी को जब मतपेटियों की गिनती होगी तब मतदाताओं की खामोशी का राज भी खुल जाएगा। राज्य के कुछ जिलों से प्राप्त मतदान का प्रतिशत इस प्रकार दर्ज किया गया है। शाम पांच बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार दर्ज किया गया जिनमें
रांची नगर निगम – 43.35%, बुंडू नगर पंचायत – 74.10% शामिल है। पलामू जिले मैंमतदान समाप्ति तक पलामू के सभी नगर निकाय का औसत वोट प्रतिशत 64.01% दर्ज किया गया। मेदिनीनगर नगर निगम- 58.46%, छतरपुर -68.45%, हरिहरगंज -65.24%, हुसैनाबाद -60.03%, विश्रामपुर -67.85% मतदान प्रतिशत है।
चाईबासा में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत आज चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मतदान कर्मियों द्वारा मतदान प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद महिला कॉलेज रिसीविंग सेंटर, चाईबासा में मत पेटिकाओं को जमा (रिसीव) करने का कार्य जारी है। पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है।
रिसीविंग सेंटर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं, तथा दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्राप्त मत पेटिकाओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा जा रहा है। महिला कॉलेज रिसीविंग सेंटर का जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परिसर का निरीक्षण किया। उनके द्वारा संपूर्ण रिसीविंग प्रक्रिया पर सतत निगरानी की जा रही है। पूर्वी सिंहभूम अंतर्गत मानगो नगर निगम- 50.8, जुगसलाई नगर परिषद- 59.6, चाकुलिया नगर पंचायत- 72.9 शामिल हैं। धनबाद में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि धनबाद में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुआ है। संध्या 5:00 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98 एवं चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40% मतदान हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर अभी भी टोकन लेकर वॉटर लाइन में लगे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग समाप्त होने के पश्चात वोटिंग परसेंटेज जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संध्या 5:00 बजे तक धनबाद नगर निगम में चार लाख 22 हजार 790 एवं चिरकुंडा नगर परिषद में 22704 वोटरों ने मतदान किया। उपायुक्त ने बताया कि हालांकि मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर छिटपुट घटना हुई। जिसका सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के स्तर से निराकरण किया गया। चुनाव के दौरान जिला कंट्रोल रूम सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ लगातार संपर्क में रहा। जहां हर समस्या का त्वरित समाधान किया गया। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के तीन कंट्रोल रूम से कर्मी 1019 मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी के संपर्क में रहे।
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के सभी पदाधिकारियों, सभी मतदान पदाधिकारियों सहित चुनाव संपन्न कराने में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल सभी अधिकारियों व कर्मियों तथा आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि सभी 1019 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुए। कहीं से भी कोई भी बड़ी घटना सामने नहीं आई है। उपायुक्त ने बताया कि अब 27 फरवरी 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक ने मतगणना आरंभ होगी। 11 हॉल में धनबाद नगर निगम एवं 4 हॉल में चिरकुंडा नगर परिषद के लिए मतों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक मतगणना हॉल में 8 से 12 टेबल लगाए जाएंगे। सभी मतपेटिका के स्ट्रांग रूम पहुंचने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस के वरीय पदाधिकारी, पुलिस फोर्स, सिटी हॉक्स सहित पूरा पुलिस महकमा सुरक्षा के लिए तत्पर रहा। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन का अगला लक्ष्य मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम पहुंचाना है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्ट्रांग रूम में थ्री लेयर सिक्योरिटी रहेगी। सबसे इनर लेयर में झारखंड आर्म्ड पुलिस की टीम रहेगी। इसके बाद दो लेयर में जिला पुलिस की टीम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेगी।






