नागौर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा आयोजित पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों में से 72 पटवारियों की नियुक्ति नागौर जिले में की गई है। जिला कलेक्टर चंपालाल जीनगर ने बताया कि इन सभी नव नियुक्त पटवारियों को जिले की विभिन्न तहसीलों एवं पटवार मंडलों में पदस्थापित किया गया है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में पारदर्शी एवं मेरिट आधारित प्रक्रिया के तहत पटवारी भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम चयन दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य निर्धारित औपचारिकताओं के उपरांत किया गया। इसी क्रम में नागौर जिले के लिए चयनित 72 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी कर सभी नव नियुक्त पटवारीयों को 24 व 25 फरवरी को दस्तावेजों के सत्यापन हेतु बुलाया गया है जिसके उपरांत जिले में पदस्थापित होने वाले सभी पटवारीयों को पटवार प्रशिक्षण शाला,अंबेडकर भवन,नगर परिषद,नागौर में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि इन पटवारीयों के कार्यभार संभालने से राजस्व प्रशासन को मजबूती मिलेगी तथा नामांतरण,सीमांकन,फसल गिरदावरी,भूमि अभिलेख संधारण एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी आएगी।ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को राजस्व सेवाएं और अधिक सुगमता एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।






