जयपुर में ज्वेलर से हुई लूट के मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है। वहीं वारदात में शामिल दो लुटेरे फरार है।
आरोपियों ने प्रताप नगर थाना इलाके में 14 फरवरी की रात करीब 8 बजे ज्वेलर रामनिवास सोनी से लूट की वारदात की थी। ज्वेलर अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
अजय पार्क सामुदायिक केंद्र के सामने बदमाशों ने उनकी कार को रोककर शीशे तोड़े, उनके साथ मारपीट की थी। डिग्गी में रखे गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।

आरोपियों के कब्जे से जेवरात जब्त
थानाधिकारी पूरण मल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। दुकान से घटना स्थल तक का पूरा रूट ट्रेस किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाटिका रोड से एक नाबालिग को डिटेन किया।
वहीं मुखबिर तंत्र की सहायता से कौशल श्रीमाल (24) और समीर खान (20) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम चांदी, 8 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर जब्त किए गए है।

ज्वेलर की रेकी करवाकर वारदात की
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य साजिशकर्ता हंसराज बैरवा उर्फ हंसू उर्फ टैम्पू और राज सीकरवार आदतन अपराधी हैं। पूर्व में भी लूट के मामलों में चालानशुदा रह चुके हैं।
इन्होंने पहले ज्वेलर की रेकी के लिए बाल अपचारी का इस्तेमाल किया। इसके बाद कौशल और समीर को साथ लेकर कार से व्यापारी का पीछा किया।
सुनसान जगह पर ज्वेलर की गाड़ी रूकवाकर लूट की वारदात की। फरार आरोपियों की तलाश जारी वारदात में शामिल हंसराज बैरवा और राज सीकरवार फिलहाल फरार है।
कार्रवाई में थाना प्रताप नगर एवं तकनीकी शाखा के कुल 10 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। टीम में एसएचओ पूरणमल यादव, एसआई होशियार सिंह, हेड कॉन्स्टेबल दशरथ और कॉन्स्टेबल गणेश, शंकर सहित अन्य पुलिस के जवान शामिल रहे।





