रानोली पुलिस ने खाटूश्यामजी के दर्शनों के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग NH-52 पर विशेष व्यवस्था की है। त्रिलोकपुरा और गोरियां कट के पास पुलिसकर्मी तैनात रहकर पदयात्रियों को सुरक्षित सड़क पार करवा रहे हैं और यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं।
इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु समूहों में खाटूधाम की ओर पदयात्रा कर रहे हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार पीछे से आ रहे वाहन पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को समय पर नहीं देख पाते, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं। पूर्व में भी ऐसे मामलों में जनहानि और चोटिल होने की घटनाएं सामने आई हैं।
इसी जोखिम को देखते हुए, पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों से सड़क पार करवाने की व्यवस्था की है। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को अस्थायी रूप से रोककर श्रद्धालुओं को एक तरफ से दूसरी तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।






