ऋषभदेव क्षेत्र के बिलख तिराहे के पास शुक्रवार की रात को पहाड़ी पर भीषण आग लग गई। करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
तिराहे के समीप बलुआ रोड स्थित पहाड़ी क्षेत्र में रात को आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने भीषण रूप ले लिया और लपटे आगे बढ़ती गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

आग की तेज लपटों के बीच उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला। उनके साथ ग्राम पंचायत प्रशासक मनीष मीणा, पुलिस थाना ऋषभदेव की टीम और वन विभाग के कर्मचारी पहाड़ी पर चढ़कर आग बुझाने में जुट गए। प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता और साहस को देखकर आसपास के ग्रामीण युवक भी सहयोग के लिए आगे आए।
इस दौरान की जंगल में पेड़ों की टहनियों को तोड़कर उनके झाडू बनाए और उससे आग को पीटते हुए उसे आगे नहीं बढ़ने देने का प्रयास किया। ये आग करीब 4 हैक्टेयर क्षेत्र में फैल गई थी। इससे जंगल की सूखी घास जल गई।

करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस विभाग से एएसआई अनिल मीणा, हेड कांस्टेबल शंकर मीणा, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह चौहान, वीरभद्र सिंह शक्तावत, ग्राम पंचायत से यशवर्धन सिंह, वन विभाग से प्रवीण सिंह झाला व पंकज मीणा तथा गांव के युवा संदीप पहाड़, अंकुश मीणा, जय भोई और विकास मीणा ने आग बुझाने में पूरी मदद की।





