332.72 लाख की लागत से बनेगी बोराज तालाब की पाल
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर में वरुण सागर रोड स्थित बोराज तालाब की क्षतिग्रस्त पाल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का विधिवत शुभारम्भ किया। इस कार्य पर कुल 332.72 लाख रुपये की लागत आएगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गत वर्ष हुई अतिवृष्टि के कारण बोराज तालाब की पाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से किए गए वादे के अनुरूप अब अजमेर विकास प्राधिकरण के माध्यम से इस पाल का पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। इससे आगामी मानसून में क्षेत्र में जलभराव या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी तथा तालाब की संरचना भी सुरक्षित और मजबूत बन सकेगी।
देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में अजमेर के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।इनमें सर्किट हाउस में बड़े कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी सूट सहित आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये, नगर निगम क्षेत्र के ग्राम हाथीखेड़ा-बोराज में पेयजल व्यवस्था के लिए 28 करोड़ रुपये, राजस्व मंडल के नवीन भवन के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये, शहर के ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।इसके साथ ही पुष्कर घाटी मार्ग के लगभग 6 किलोमीटर चौड़ीकरण, तारागढ़ किले को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति, स्वामी विवेकानन्द स्मारक पर आध्यात्मिक केन्द्र की स्थापना, महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में महर्षि दयानन्द सरस्वती पैनोरमा निर्माण तथा चामुण्डा माता मंदिर तक यात्री रोप-वे की डीपीआर तैयार कराने जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।उन्होंने बताया कि कोटड़ा स्थित सैटेलाइट हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा यह चिकित्सालय वर्तमान में अस्थायी भवन में संचालित किया जा रहा है। पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से तीन नए रिजर्वायर का निर्माण किया जाएगा तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथीभाटा क्षेत्र में गैस आधारित जीएसएस की स्थापना की जाएगी।पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए देवनानी ने कहा कि शहर में साइंस पार्क, प्लैनेटेरियम, पर्यावरण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए लेपर्ड सफारी तथा वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत वरुण देव की प्रतिमा स्थापना जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटी पार्क की स्थापना भी की जा चुकी है।
————





