भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर जनसंपर्क अभियान तेज, 19 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
न्यूज इन राजस्थान कुचामन सिटी(सोनू पारीक) भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कुचामन सिटी में आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर विप्र समाज में उत्साह चरम पर है। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु विप्र समाज कुचामन के पदाधिकारियों द्वारा भावता, हरिपुरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर विप्र बंधुओं से संपर्क किया और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष मनोज जोशी, छः न्याति ब्राह्मण सभा के जिला संरक्षक गिरिराज खरीट, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुजबिहारी जोशी तथा तहसील अध्यक्ष कमल कुमार पारीक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने भावता एवं हरिपुरा गांवों का दौरा कर समाजजनों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित किया और 19 अप्रैल को कुचामन सिटी पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान गांवों में कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर, बैनर एवं स्टीकर भी वितरित किए गए तथा स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की अपील की गई।
आयोजकों के अनुसार परशुराम जयंती का मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा होगी, जो 19 अप्रैल (रविवार) को दोपहर 2:30 बजे कुचामन सिटी से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे एवं पारंपरिक वेशभूषा में समाज के लोग भाग लेंगे, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय एवं उत्सवी वातावरण का संचार होगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान भावता ग्राम स्थित रघुनाथ जी मंदिर में कुचामन से पहुंचे पदाधिकारियों का स्थानीय विप्र बंधुओं द्वारा माला एवं साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर धीसालाल जोशी, बद्री प्रसाद गौड़, रमेश कुमार गौड़, पवन कुमार शर्मा, सम्पत शर्मा, महेश कुमार शर्मा एवं बनवारी लाल दाधीच सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अल्पाहार का आयोजन भी किया गया।
अंत में जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने भावता ग्राम के विप्र समाज द्वारा किए गए स्वागत, सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी से 19 अप्रैल को आयोजित शोभायात्रा में सपरिवार पधारने का निवेदन किया।
कार्यक्रम को लेकर विप्र समाज में विशेष उत्साह एवं उमंग का माहौल बना हुआ है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





