अजमेर की हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस और डीएसटी ने 8 माह पहले हुई 46 लाख रुपए की लूट मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। चार आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
आठ माह से फरार चल रहे 7500 रुपए का इनामी आरोपी देवा उर्फ देवराज गुर्जर अलग अलग शहरों में ठिकाने बदल कर फरारी काट रहा था। देवा को बुधवार को घूघरा में देखा गया। डीएसटी और पुलिस की टीमों ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना एसएचओ महावीर शर्मा के मुताबिक 21 दिसंबर 2025 को 46 लाख रुपए की लूट हुई थी। इसकी शिकायत पीड़ित ने 11 दिन बाद एक जनवरी को दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम का गठन किया और लूट में शामिल चार आरोपियों राहुल गुर्जर, अजय उर्फ ललित गुर्जर, दीपक उर्फ दीपू डिफाल्टर और रोहित चींटा को गिरफ्तार कर लिया था।
मुखबिर की सूचना पर घूघरा पहुंची टीम, सैलून की दुकान पर मिला
एसएचओ महावीर शर्मा ने बताया कि 20 अगस्त को डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत और जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल रामनिवास को मुखबिर से सूचना मिली कि देवा को अपने गांव घूघरा में देखा गया है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला को जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर विशेष टीम बनी। टीम एक सैलून की दुकान पर पहुंची जहां देवा बैठा नजर आया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
ऐसे हुई थी 46 लाख रुपए की लूट
पुलिस के मुताबिक 21 दिसंबर 2025 को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने कैंपर गाड़ियों से पीछा कर ज्ञान विहार के पास स्विफ्ट डिजायर कार से 46 लाख रुपए लूट लिए थे। मामले में परिवादी की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने 400 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर वारदात में शामिल सात आरोपियों की पहचान की।
अलग अलग शहरों में ठिकाने बदल कर काटी फरारी
पुलिस के मुताबिक देवा उर्फ देवराज लूट के बाद से ही फरार चल रहा था। देवा से अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि उसने फरारी काटने के लिए भीलवाड़ा, डबवाली, अबोहर और फिरोजपुर पंजाब में ठिकाने बदले थे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





