जयपुर के SMS हॉस्पिटल के चरक भवन में ENT वार्ड का पंखा गिरने से महिला घायल हो गई। महिला और उसके परिजन करीब आधे घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करते रहे।
आधे घंटे बाद एम्बुलेंस उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर गई। महिला के सिर में 12 से ज्यादा टांके आए हैं। इलाज के बाद उसे वापस भेज दिया। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है।
मामले में जिम्मेदार अधिकारी जेईएन शक्ति सिंह बात करने से बचते नजर आए।

बहन से मिलने आई थी महिला
चरक भवन के ENT वार्ड में करौली निवासी संतोष के कान का ऑपरेशन हुआ था। उसके हालचाल जानने उसकी बहन रेणु (59) निवासी करौली वहां पहुंची थी। रेणु वार्ड में मरीज के बेड के पास टेबल पर बैठी थी।
तभी छत का पंखा अचानक रेणु के सिर पर गिर गया। घटना के बाद वार्ड में चीख-पुकार मच गई। रेणु के सिर से खून बहने लगा, जिसे देखकर उसके साथ मौजूद परिजन घबरा गए।
घटना के बाद करीब 10-15 मिनट तक परिजन मौके पर ही इलाज का इंतजार करते रहे। इसके बाद वार्ड में मौजूद नर्सिंग कर्मचारियों ने एम्बुलेंस बुलाई। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस आई। घायल को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची।
ट्रॉमा सेंटर में सिर में टांके लगाने के बाद महिला को भर्ती नहीं किया। डॉक्टरों ने उसे मेडिसिन डिपार्टमेंट में भर्ती के लिए सिफारिश की, लेकिन वहां भी भर्ती नहीं किया और चरक भवन भेज दिया।
घायल को ENT वार्ड में उसकी बहन के पास ही बेड पर शिफ्ट कर दिया। उसे मेडिसिन डिपार्टमेंट से डॉक्टर के आने और देखने के बाद आगे का ट्रीटमेंट होने का भरोसा दिलाया। मंगलवार सुबह 11 बजे तक कोई डॉक्टर घायल महिला को देखने नहीं आया।
लापरवाही पर जिम्मेदारों की चुप्पी
यह हादसा हॉस्पिटल की इलेक्ट्रिकल और मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। जहां मरीज अपना इलाज करवाने आ रहा है, वहां उसी की जान काे खतरा मंडरा रहा है।
हॉस्पिटल में लगे पंखे, अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों की नियमित जांच और सेफ्टी को लेकर पीडब्ल्यूडी व बिजली विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों की पूरी विंग है।
घटना के बाद से जिम्मेदार अधिकारी चुप हैं। यदि समय रहते इन पर ध्यान नहीं दिया तो ऐसे हादसे आगे भी होने की आशंका है।
सुजानगढ़ के जनाना अस्पताल में महिला पर गिरा था प्लास्टर
4 अगस्त 2026 को चूरू जिले के सुजानगढ़ में जनाना अस्पताल के बरामदे की छत का प्लास्टर एक महिला के सिर पर गिर गया था। महिला के सिर में दो टांके आए थे।

पिछले साल SMS हॉस्पिटल में प्लास्टर गिरने से घायल हुए थे दो मरीज
मई 2025 में SMS हॉस्पिटल की मेन बिल्डिंग में सर्जरी डिपार्टमेंट के वार्ड में छत का प्लास्टर और मलबा अचानक नीचे गिर गया था। इसके कारण वहां भर्ती दो मरीज बुरी तरह घायल हो गए थे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





