जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपहरण और फिरौती की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत पंकज कुमार मीणा को सकुशल दस्तयाब कर लिया। आरोपियों ने उसे छोड़ने के एवज में वाट्सऐप कॉल के जरिए 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस आयुक्त जयपुर शहर सचिन मित्तल (IPS) एवं पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारस जैन (RPS) के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर शिवदयाल (RPS) के नेतृत्व में की गई। खोह नागोरियान थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुनील गोदारा मय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को परिवादी मुनेश कुमार मीणा ने शिकायत दी कि उसका भतीजा पंकज कुमार मीणा 23 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे किसी काम से खातिपुरा आया था। उसके साथ उसका दोस्त योगेश शर्मा भी था। योगेश के जरिए पता चला कि सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी ने पंकज की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और बाद में उसे उठाकर ले गए। इसके बाद पंकज को छोड़ने के नाम पर वाट्सऐप कॉल के जरिए परिवार से 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।
मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 500/2026, धारा 140(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग का सहारा लेते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का बारीकी से मिलान करने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस ने अपहृत पंकज कुमार मीणा को दस्तयाब कर लिया।
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के आरोप में विशु पाराशर पुत्र बृजेश पाराशर, उम्र 23 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, सेक्टर-01, बयाना, जिला भरतपुर तथा मंजीत शर्मा पुत्र सुनील शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी बंध की ढाणी, सिकंदरा, दौसा को गिरफ्तार किया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई के लिए खोह नागोरियान थाने की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में थानाधिकारी सुनील गोदारा, उप निरीक्षक मुकेश कुमार, कांस्टेबल धीरज (4082), कांस्टेबल बजरंग लाल (4689), कांस्टेबल सन्नी कुमार (12483), कांस्टेबल हारूराम (10161), कांस्टेबल पवन (12075) और कांस्टेबल देवेंद्र सिंह (11068) शामिल रहे। विशेष टीम में जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम के जवानों की भी भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार विशेष कार्रवाई में कांस्टेबल धीरज और कांस्टेबल बजरंग लाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से अपहरण की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के साथ ही अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






