Home » राजस्थान » गणेश चतुर्थी पर जयपुर में रहेगी कड़ी सुरक्षा, 15 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

गणेश चतुर्थी पर जयपुर में रहेगी कड़ी सुरक्षा, 15 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जयपुर। गणेश चतुर्थी पर्व और श्री गणेशजी की भव्य शोभायात्रा को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर परिसर में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, सफाई, बिजली, चिकित्सा, पेयजल और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

15 सितंबर को शाम 4 बजे निकलेगी शोभायात्रा

जिला कलक्टर ने बताया कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर्व के अवसर पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर, ब्रह्मपुरी स्थित श्री गढ़ गणेश मंदिर, नहर के गणेश मंदिर सहित जयपुर के विभिन्न गणेश मंदिरों में धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं 15 सितंबर को शाम 4 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर से श्री गणेशजी की शोभायात्रा रवाना होगी।

शोभायात्रा मोती डूंगरी रोड, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी होते हुए श्री गढ़ गणेशजी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस एवं यातायात पुलिस को भीड़ नियंत्रण, पुलिस जाप्ते की तैनाती, यातायात डायवर्जन और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

सफाई से लेकर रोशनी और पार्किंग तक व्यापक इंतजाम

नगर निगम को मंदिरों एवं शोभायात्रा मार्ग के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, रंगोली, कचरा प्रबंधन, सीवरेज, प्रकाश एवं सजावट, पार्किंग, पेयजल, अग्निशमन तथा चल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बारिश के दौरान एमडी रोड पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

जेडीए को फव्वारों, डिवाइडरों और सड़कों की मरम्मत तथा पीडब्ल्यूडी को आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं सड़क निर्माण-दुरुस्तीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मेडिकल टीम और अस्पतालों में बेड रहेंगे रिजर्व

चिकित्सा विभाग को शोभायात्रा एवं पर्व के दौरान एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए नजदीकी अस्पतालों को चिन्हित कर आवश्यक संख्या में बेड रिजर्व रखने को कहा गया है। जेवीवीएनएल को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, ढीले तारों की मरम्मत और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पीएचईडी को पेयजल एवं पानी की टोंटियों-टैंकरों की व्यवस्था, आरटीओ को शोभायात्रा के लिए वाहनों का समयपूर्व अधिग्रहण कर आयोजकों को उपलब्ध कराने तथा दूरसंचार विभाग को नेटवर्क जाम की समस्या से निपटने के निर्देश दिए गए।

मंदिरों का होगा फायर ऑडिट

नागरिक सुरक्षा विभाग को संभावित आपदा से निपटने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा पर्व से पहले मंदिरों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। देवस्थान विभाग को मंदिरों में सजावट एवं रोशनी की व्यवस्था तथा विद्युत निरीक्षक को विद्युत उपकरणों और केबलिंग की जांच कर प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए कहा गया है।

संयुक्त नियंत्रण कक्ष में तैनात होंगे नोडल अधिकारी

जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसमें सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि पर्व और शोभायात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय और कार्रवाई की जा सके। मंदिर प्रबंधन को श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी, पेयजल, सुलभ सुविधाओं, माइक सेट, सीसीटीवी और नियंत्रण कक्ष सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मोती डूंगरी मंदिर में 7 से 15 सितंबर तक धार्मिक आयोजन

मोती डूंगरी गणेश मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि मंदिर में 7 से 15 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। 7 सितंबर को कलश यात्रा एवं जलाभिषेक, 8 सितंबर को पुष्प नक्षत्र पंचामृत अभिषेक, विशेष केले की झांकी एवं ध्रुपद गायन, 9 सितंबर को मोदक की झांकी, 10 सितंबर को फलों की झांकी, 11 सितंबर को सब्जियों की झांकी और 12 सितंबर को फूलों की झांकी सजाई जाएगी।

13 सितंबर को मेहंदी पूजन एवं सिंजारा होगा। 14 सितंबर को मंगला आरती, श्रृंगार आरती, भोग आरती, संध्या आरती एवं शयन आरती के आयोजन होंगे। इसके बाद 15 सितंबर को शाम 4 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन, डीसीपी यातायात योगेश बंसल, अतिरिक्त जिला कलक्टर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन कल से:जयपुर निगम के लिए 15 RO ऑफिस बनाए; पाली नगर निगम, फतेहपुर नगर परिषद में वोटिंग की डेट बदली

प्रदेश में नगरीय निकाय (नगर निगम, नगर ​परिषद और नगर पालिका) चुनावों की कल (27 अगस्त) कल लोकसूचना जारी होने