जयपुर में एक स्कूली छात्र के घर छोड़कर भागने का मामला सामने आया है। पढ़ाई को लेकर परिजनों के डांटने से गुस्से में वह घर छोड़कर चला गया। बैग में दो जोड़ी कपड़े और 600 रुपए लेकर घर से निकल गया। गांधी नगर थाना पुलिस घर छोड़कर भागे स्कूली छात्र की तलाश कर रही है।
SI प्रहलाद नारायण ने बताया- कठुमर अलवर निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह परिवार के साथ गांधी नगर में रहता है। पति-पत्नी दोनों प्राइवेट जॉब करते हैं। बच्चे स्कूल में पढ़ाई करते हैं। उनका 15 साल का बेटा मालवीय नगर स्थित एक स्कूल में पढ़ाई करता है। बुधवार रात को घर आने पर पढ़ाई की बात को लेकर नाबालिग बेटे को डांट दिया। डांटने के चलते नाबालिग बेटा गुस्सा हो गया। अगले दिन पति-पत्नी दोनों जॉब पर चले गए। पीछे से स्कूल जाने की वजह नाबालिग बेटा घर छोड़कर भाग गया।
पढ़ाई के लिए डांट के कारण घर से भाग नाबालिग
घर से जाते समय बैग में दो जोड़ी कपड़े और 600 रुपए लेकर निकल गया। घर वापस लौटने पर बेटे के ढूंढने पर नहीं मिला। दोस्तों से पूछने पर पता चला कि वह उनसे उधार रुपए मांगने आया था। काफी तलाशने के बाद बैग में दो जोड़ी कपड़े ले जाने का पता चला। पढ़ाई की डांट के चलते नाबालिग बेटे के घर छोड़कर जाने का पता चलने पर परिजनों ने गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ स्कूली छात्र की तलाश कर रही है।






