जयपुर में एक लुटेरी दुल्हन के गहने-कैश लेकर भागने का मामला सामने आया है। शादी करवाने की एवज में 2.50 लाख रुपए दूल्हे के परिवार से लिए गए थे। शादी के बाद 5 दिन सुसराल में रहने के दौरान गहने-कैश अलमारी से निकाल लुटेरी दुल्हन फरार हो गई। शिवदासपुरा थाने में पीड़ित दूल्हे ने लुटेरी दुल्हन व उसकी गैंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस ने बताया- बिलवा शिवदासपुरा निवासी 39 साल के दूल्हे ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोपी परिचितों ने घर मिलने आने पर उसकी शादी करवाने का ऑफर रखा। घरवालों ने शादी की जल्दी होने के कारण बातचीत करवाने के लिए कहा। दोनों परिचित आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जानकारी की लड़की रोशनी (बदला हुआ नाम) होना बताया। रोशनी की फोटो दिखाकर उसे व घरवालों को अपनी बातों में फंसाया। फोटो देखने पर लड़की अच्छी लगने पर बातचीत करने के लिए आने-जाने का खर्च बताकर 15 हजार रुपए ले लिए।
2.50 लाख रुपए शादी का बताया खर्चा
कुछ दिन बाद घर आकर बताया कि रोशनी के माता-पिता की डेथ हो चुकी है। उसके भईया-भाभी प्रताड़ित करते है, इस कारण वह अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है। बीए पास घरेलू लड़की है और मोबाइल-फेसबुक से दूर रहती है। शादी का पूरा खर्च लड़के वालों को उठाने पर रिश्ता तय होना बताया है। शादी के एवज में 2.50 लाख रुपए का खर्च होना बताकर देने की मांग की। रुपए देना तय होने पर 9 अक्टूबर को शादी होना तय हो गया।
अलमारी से गहने-कैश लेकर भागी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मंदिर में 9 अक्टूबर को दोनों की शादी करवाई गई। डॉक्यूमेंट पर लिखा-पढ़ी कर अगले दिन 10 अक्टूबर को दुल्हन को लेकर ससुराल आ गए। ससुराल में रहने के दौरान बहाने बनाकर पति से 35 हजार का मंगलसूत्र खरीदवाया। पति से दूरी बनाए रखने के दौरान नजर बचाकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और 10 हजार रुपए कैश निकाल लिए।
15 अक्टूबर को दूल्हे के जॉब पर जाने के दौरान सास को गुमराह का घर से बाहर निकल गई। वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों के काफी ढूंढने पर भी उसका पता नहीं चला। अलमारी खोलकर देखने पर उसमें रखे गहने-कैश गायब मिलने पर लुटेरी दुल्हन के फरार होने का पता चला। शादी करवाने वालों को कॉन्टैक्ट करने पर पहले टालमटोल के बाद धमकाने लगे। शिवदासपुरा थाने में पीड़ित दूल्हे ने कोर्ट से आदेश करवाकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।






