Poola Jada
Home » राजस्थान » प्रधानमंत्री मोदी करेंगे राइजिंग राजस्थान समिट का उद्घाटन, CM भजनलाल शर्मा ने एयरपोर्ट से लेकर JECC तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे राइजिंग राजस्थान समिट का उद्घाटन, CM भजनलाल शर्मा ने एयरपोर्ट से लेकर JECC तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जयपुर: 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट का उद्घाटन करेंगे. इसी आयोजन को सफल बनाने की मुहिम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा जुटे हुए हैं. इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया. 

प्रदेश में आगामी 9 से 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाले राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड रही है. इस कड़ी में स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरूवार को समिट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बस में बैठकर जयपुर शहर का दौरा किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जयपुर एयरपोर्ट से आयोजन स्थल जयपुर एक्जीहिबिशन एंड कन्वेन्शन सेंटर जेईसीसी तक विभिन्न तैयारियों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को समिट के ऐतिहासिक आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार अपने पहले वर्ष में ही राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन करने जा रही है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं. यह आयोजन राज्य की औद्योगिक दिशा को गति देने में मील का पत्थर साबित होगा. यह समिट राजस्थान को खनन, स्टोन, शिक्षा, चिकित्सा, ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे लाने में महती भूमिका निभाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि समिट के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे. ऐसे में राज्य सरकार तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को पूरा करने में मिशन मोड में लगी हुई है. उन्होंने कहा कि दुनिया में राजस्थान की अपनी एक पहचान है और प्रवासी राजस्थानियों की खासियत है कि वह अपनी मिट्टी से जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान अपनी मेहमान नवाजी के लिए प्रसिद्ध है तथा इस समिट में राज्य के आतिथ्य, संस्कृति, परम्पराओं की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिट में देश-विदेश से शामिल होने वाले निवेशकां उद्योगपति और अतिथियो के आतिथ्य में किसी भी तरह की कमी नहीं आनी चाहिए. उन्होंने एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक पहुंचने के विभिन्न रूट का निरीक्षण किया और वहां साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था, सड़कों का सुदृढीकरण, शहर का सौन्दर्यीकरण, आवागमन संबंधी संसाधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल जेईसीसी पहुंचकर उद्घाटन सत्र के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों, अतिथियों की बैठक व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को तैयारियों को अन्तिम रूप देने के निर्देश दिए. इसके बाद मुख्यमंत्री समिट के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के लिए जयमहल पैलेस भी पहुंचे. मुख्यमंत्री को प्रमुख शासन सचिव उद्योग एवं वाणिज्य अजिताभ शर्मा ने समिट की तैयारियों के बारे में जानकारी दी.

 

 

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS