प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान मंगलवार रात 1.30 बजे हुई भगदड़ में राजस्थान के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ये लोग मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए पहुंचे थे। भगदड़ में केकड़ी (अजमेर) के सरवाड़ थाना इलाके के स्यार गांव की निहाली देवी (60) और चौमूं (जयपुर) के जैतपुरा-अणतपुरा के नाथूलाल टोडावत की मौत हो गई।

निहाली देवी पति रामनारायण बैरवा के साथ प्रयागराज गई थीं। 22 जनवरी को वे मथुरा, वृंदावन और अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करते हुए 27 जनवरी को महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचीं थीं। दल में 50 यात्री थे। 28 जनवरी की रात 1.30 बजे वे संगम तट से 300 मीटर दूर थे।
भगदड़ में पति-पत्नी एक-दूसरे से बिछड़ गए। रामनारायण ने अपनी पत्नी को बहुत खोजा लेकिन वे कहीं नहीं मिलीं। अगले दिन दोपहर करीब 12 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि निहाली का शव लखनऊ (उत्तर प्रदेश) अस्पताल में है। रामनारायण लखनऊ पहुंचे। एंबुलेंस से अपनी पत्नी के पार्थिव शरीर को लेकर वे गांव (केकड़ी) रवाना हुए। गुरुवार दोपहर 1 बजे जब शव लेकर एंबुलेंस गांव पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।

जयपुर के चौमूं में जैतपुरा-अणतपुरा निवासी नाथूलाल टोडावता (85) की भी भगदड़ के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भगदड़ के दौरान दो बसों के बीच में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई।

महाकुंभ में राजस्थान से गए कुछ और श्रद्धालु लापता हैं, जिनके लिए परिवार को चिंता है…
जयपुर से कुंभ स्नान के लिए गई 60 साल की महिला सुप्यार देवी 2 दिन से लापता हैं। उन्हें तलाशने बेटा जयपुर से रवाना हुआ है। वहीं पाली से 70 साल की महिला प्यारी देवी भी गायब हो गईं थीं। शुक्रवार दोपहर उनके बारे में जानकारी मिली। वे कल पाली पहुंच जाएंगी। इस दौरान परिजन परेशान रहे।
पाली: भगदड़ हुई तो ग्रुप से बिछड़ गई प्यारी देवी, अब मिली
पाली से प्रयागराज गईं प्यारी देवी (70) भगदड़ के दौरान अपने ग्रुप से बिछड़ गई थीं। दो दिनों से पूरा परिवार उन्हें प्रयागराज में ढूंढ रहा था। पाली में प्यारी देवी के परिजन परेशान रहे।
जिले के विरमपुरा (नाना) के रहने वाले विक्रमसिंह पुत्र नाथूसिंह राजपूत ने बताया- हम 40 जने बस लेकर प्रयागराज गए थे। भगदड़ के दौरान प्यारी देवी हमें रोते हुए मिलीं। हमारी राजपूती ड्रेस देखकर वे हमारे पास आई और ग्रुप से बिछड़ने की बात बताई। उनके पास किसी के मोबाइल नंबर नहीं थे। ऐसे में उनकी मदद की और अपने साथ बस में बिठाकर गुरुवार सुबह रवाना हुए।
उन्होंने बताया- प्यारी देवी के घर का पता लगाने के लिए पाली में रहने वाले अपने परिचित समुंद्र सिंह भाटी से बात की और सारी कहानी बताई। इस पर उन्होंने बताया कि प्यारीदेवी के बारे में उन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल पर खबर भी देखी है। फिर समुंद्र सिंह महिला के घर पहुंचे और उनके परिजनों की प्यारी देवी से फोन पर बात कराई। शुक्रवार सुबह तक प्यारीदेवी को पाली छोड़ देंगे।

बता दें कि प्यारी देवी पाली के मंडिया रोड शिव कॉलोनी में रहती हैं। पति का नाम मोहनलाल सरगरा है। शिव कॉलोनी के 30 लोगों का ग्रुप प्रयागराज में स्नान के लिए बस से 24 जनवरी को रवाना हुआ था। सभी लोगों को मोहल्लेवासियों ने फूलमाला पहनाकर हंसी खुशी रवाना किया था। यह दल 30 जनवरी यानी आज वापस आना था। लेकिन मंगलवार (29 जनवरी) की रात हुई भगदड़ में प्यारीदेवी अपने ग्रुप से बिछड़ गईं। उनके साथ गए लोग उन्हें वहां ढूंढते रहे।
प्यारी देवी के भतीजे देवाराम ने बताया- पाली से रवाना हुए दल में 6 पुरुष और 24 महिलाएं हैं। 24 जनवरी को जब दल के साथ बुआ प्यारी देवी रवाना हुईं तो काफी खुश थीं। लेकिन सभी लोग मंगलवार रात स्नान के लिए जा रहे थे। तब भगदड़ हो गई। बुआ ग्रुप से बिछड़ गई।


जयपुर से 60 साल की मां को ढूंढने बेटा रवाना
जयपुर से कुंभ स्नान करने गई सुप्यार मीणा (60) दो दिन से लापता हैं। वे पति दुर्गालाल मीणा के साथ कुंभ में गई थीं। भगदड़ के बाद से वे गायब हैं। महिला के पति ने कुंभ के पास समुद्र कूप थाने (प्रयागराज, यूपी) में सुप्यार मीणा की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई है।
भांकरोटा (जयपुर) में माधोराजपुरा के रहने वाले सुप्यार मीणा के बेटे राजेन्द्र मीणा ने बताया- माता-पिता गांव के लोगों के साथ कुंभ स्नान के लिए गए थे। मां सुप्यार मीणा और पिता दुर्गालाल मीणा 27 जनवरी को शाम को बस से कुंभ स्नान के लिए निकले थे। भगदड़ के कारण कई लोगों की मौत और घायल होने की जानकारी आ रही थी। उसी दौरान सुप्यार मीणा का हाथ पति के हाथ से छूट गया। इसके बाद दुर्गालाल मीणा ने फोन कर के बेटे और उनकी मां के छूटने की जानकारी दी।
दुर्गालाल मीणा ने संबंधित थाने में भी पत्नी के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने की बात की है। राजेन्द्र मीणा आज सुबह ही मां को कुंभ में सर्च करने के लिए जयपुर से निकल गए हैं। उस के साथ गांव और परिवार के लोग भी हैं।
