बीमार पत्नी को डॉक्टर के दिखाकर गांव लौट रहे बाइक सवार दंपती को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
हादसा बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के रुनिजा गांव के पास सोमवार की शाम करीब 7 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार दिनेश रैगर(32) और अपनी पत्नी गीता बाई(30) के साथ कोटा बाइक पर गांव राजलावता जा रहे थे।
दोनों ने हॉस्पिटल में तोड़ा दम
सरपंच रिश्तेदार रामस्वरूप ने बताया कि दिनेश रैगर(32) की पत्नी गीता बाई(30) बीमार थी। वह पत्नी को कोटा में डॉक्टर के चेकअप करवाने के बाद वापस अपने गांव राजलावता जा रहे थे। नैनवा रोड रुनिजा और कोटड़ा गांव के बीच पेट्रोल पंप के पास से आ रही तेज रफ्तार कार ने दंपती की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दिनेश की बूंदी हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते मे मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत में उसकी पत्नी को बूंदी से कोटा हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
दिनेश गांव में ही मोची की दुकान चलाता था। परिवार में एक बेटी और 2 बेटे है।
कार ड्राइवर डिटेन
दबलाना थाना एएसआई कमलेश ने बताया कि कल शाम 7 बजे कार ने कोटा से आ रहे बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी थी। दोनों की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंपने की कार्रवाई पूरी की गई। मामले में कार ड्राइवर को डिटेल किया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।






