उदयपुर की सूरजपोल थाना पुलिस ने मंदिर से कलश चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 कलश बरामद किए हैं। आरोपियों ने अब तक चोरी की 12 वारदात करना कबूल किया है।
थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया- 4 अगस्त 2024 को पुजारी गोपाल पुत्र टेकचंद वसीटा निवासी स्वराज नगर ने मामला दर्ज कराया था, जिसमें बताया था कि 3 अगस्त की रात माछला मगरा मुख्य मार्ग स्थित भारत सिंह बावजी (भैरूजी) मंदिर के गुम्बज पर लगे पीतल का कलश चोरी हो गए थे। इधर, मामला दर्ज कर थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने तफ्तीश शुरू कर दी थी।
संदिग्ध व्यक्ति उदयपोल पर कलशों को गुजरात की तरफ बेचने के लिए जाने की फिराक में गाडी का इंतजार कर रहे थे। जिस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर अर्जुन पुत्र राजू वागरी, आकाश पुत्र प्रकाश वागरी, नरेश पुत्र अमर सिंह वागरी, पवन पुत्र दिनेश वागरी, विशाल पुत्र महेश वागरी, शिव पुत्र किशन वागरी निवासी रेल्वे स्टेशन कच्ची बस्ती सूरजपोल को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से पुलिस टीम ने 3 कलश जब्त किए हैंं। आरोपियों ने सूरजपोल, हिरण मगरी प्रतापनगर, गोवर्धन विलास, नाई, हाथीपोल, सुखेर और जावरमाइंस थाना क्षेत्र में चोरी की 13 अन्य वारदातें स्वीकार की हैं।






