जयपुर के एक पब्लिक पार्क में महिला से लूट की वारदात होना सामने आया है। दीवार कूदकर आए बदमाश ने सहेलियों के साथ बैठी महिला के गले से गोल्ड चेन तोड़ ली। बाइक सवार साथी के साथ लूट की वारदात कर फरार हो गया। शिप्रापथ थाना पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया- मानसरोवर के एसएफएस निवासी विजय बन्ना ने चेन स्नेचिंग का मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में बताया- एसएफएस के पास सेक्टर-5 में पृथ्वीराज उद्यान है। शाम करीब 7 बजे उनकी मां पब्लिक पार्क में अपनी सहेलियों के साथ बैंच पर बैठी थी। आपस में बातचीत करते समय बाइक सवार दो लड़के पार्क के पास घूमने लगे।
पार्क की दीवार कूदकर एक लड़का अंदर आया। ग्रुप में बैठकर बातचीत करते समय उनकी मां के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। शोर मचाने पर वह दीवार कूदकर भागा। पार्क के बाहर बाइक लेकर खड़े साथी के साथ फरार हो गया। चेन स्नेचिंग की सूचना पर शिप्रापथ थाना पुलिस सूचना पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत पर तुरंत वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाले। पुलिस ने FIR दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।






