जैसलमेर पुलिस ने ऑपरेशन वेलकम के तहत कार्रवाई करते हुए 2 लपकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों लपके सैलानियों का पीछा कर उनको अपने होटलों में ले जाने के लिए परेशान कर रहे थे। शहर कोतवाली पुलिस ने सुराब खान और भाई खान नामक युवकों को सैलानियों को परेशान करते पकड़ा।
शहर कोतवाल प्रेमदान ने बताया कि शहर में सैलानियों का आना शुरू हो गया है। ऐसे में कमीशन पर अपनी होटलों में ले जाने के लिए लपके भी सक्रिय हो गए हैं। जैसलमेर पुलिस इनको लेकर ऑपरेशन वेलकम अभियान चला रही है और लपकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

कमीशन पर होटल में ले जाने के लिए करते हैं परेशान एसएचओ प्रेमदान ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने 2 लपकों को सैलानियों का पीछा कर उनको विजिटिंग कार्ड दिखाकर अपनी होटलों में ला जाने के लिए परेशान करते देखा। पुलिस ने तुरंत ही दोनों युवकों को पकड़ा। पकड़ने के दौरान जानकारी में आया कि दोनों ही लपके हैं और कमीशन के चक्कर में सैलानियों को होटलों में कमरे आदि दिलाते हैं। ऐसे में कई बार सैलानियों के साथ ठगी की घटना भी होती है।
शहर कोतवाल ने बताया कि दोनों ही युवकों सुराब खान और भाई खान को पकड़ा है और पूछताछ की जा रही है। प्रेमदान ने बताया कि जिले में एसपी जैसलमेर के निर्देशन में ऑपरेशन वेलकम अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एसपी अभिषेक शिवहरे द्वारा थानाधिकारी पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर, सम एवं प्रभारी डीएसटी को विशेष दिशा निर्देश दिए जाकर लपकों के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।





