जोधपुर की कुड़ी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी विक्रम उर्फ विक्की गेमलानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले भी अपहरण, मारपीट और धमकी देने के कई मामले दर्ज हैं।
पूरा मामला 13 सितंबर 2025 का है। तिलवासनी निवासी प्रेमराज अपने घर में बैठा था, तभी ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो में सवार सात लोग वहां पहुंचे। इनमें रामस्वरूप जाखड़, अशोक जाखड़, भजनलाल ढाका और विक्रम उर्फ विक्की गेमलानी शामिल थे। चारों जबरन घर में घुसे, पिस्टल की नोक पर प्रेमराज को बंधक बनाया और बेहोश होने तक पीटते रहे। बाद में आरोपी उसे गाड़ी में डालकर ले गए। रास्ते में वाहन बदलकर उन्होंने सफेद क्रेटा ली और खेजड़ली क्षेत्र की ओर कच्चे रास्तों से भाग निकले।
आंखों पर पट्टी बांधकर आरोपियों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया और फिर 25 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए कहा कि पैसे नहीं दिए तो हाथ-पांव तोड़कर सड़क पर फेंक देंगे। घटना के पीछे मुख्य भूमिका सोहनलाल जाखड़ की बताई गई, जिसके कहने पर पूरा अपहरण करवाया गया था
पीड़ित के मुताबिक उसे पिस्टल, लाठी और मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसका पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और करीब 7 हजार रुपये नकद लूट लिए और घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
8 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 8, कुड़ी भगतासनी रोड पर एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने पटककर भाग निकले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल से पूछताछ की, जिसने अपना नाम विक्रम उर्फ विक्की गेमलानी (29) निवासी सीएचबी क्षेत्र, जोधपुर बताया। उसने बताया कि कार्तिक नामक व्यक्ति और उसके साथी उसे शास्त्रीनगर इलाके से उठाकर लाए और मारपीट कर सड़क किनारे छोड़ गए। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ पहचान होने पर उपचार के बाद गिरफ्तार किया गया।





