भीलवाड़ा में नए साल की शुरुआत से लगातार कोहरे का असर बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात के बाद मंगलवार सुबह भी शहर घने कोहरे में लिपटा रहा।
कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से कम रह गई, जो इस सीजन की सबसे कम मानी जा रही है। तापमान में लगातार गिरावट से सर्दी का असर तेज हो गया है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ है।

सुबह से रात तक कोहरे की चादर
सोमवार सुबह से ही कोहरा छाया रहा और देर रात तक स्थिति बनी रही। मंगलवार की सुबह भी शहर धुंध में लिपटा नजर आया।
सर्दी और कोहरे के कारण दोपहर तक धूप नहीं निकल पा रही है, जबकि रात होते ही कोहरा और गहरा हो जा रहा है।

वाहन चालकों को भारी परेशानी
घने कोहरे के चलते टू व्हीलर और फोर व्हीलर चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर की सड़कों, हाईवे और प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों को हेडलाइट, डीपर और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा।
सुबह जॉब और व्यवसाय के लिए निकलने वाले लोगों को भी सर्दी और कोहरे से परेशानी झेलनी पड़ी।

रेलवे ट्रैक भी कोहरे की चपेट में
शहर का रेलवे ट्रैक भी घने कोहरे के आगोश में रहा। कम दृश्यता के कारण रेल और सड़क यातायात पर सतर्कता बरतनी पड़ी।

स्कूलों में 8 जनवरी तक छुट्टी
शीतलहर और कोहरे को देखते हुए जिला कलेक्टर ने सोमवार रात आदेश जारी कर 8 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी घोषित किया है। यह छुट्टी स्टूडेंट्स के लिए है, जबकि स्कूल स्टाफ को नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहना होगा।

हर दिन गिर रहा तापमान
सोमवार को अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 18.6 और न्यूनतम 10.4 डिग्री रहा था।

तापमान में गिरावट होगी ओर सर्दी बढ़ेगी
मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह तापमान में गिरावट होगी ओर सर्दी का असर बढ़ेगा।तापमान में लगातार गिरावट होने से आमजन को फिलहाल सर्दी से राहत नहीं मिलेगी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की चेतावनी भी मौसम विभाग ने दिया।







