भरतपुर नगर निगम की टीम ने रजिस्ट्रेशन फीस जमा नहीं करवाने वाले तीन मैरिज होम पर कार्रवाई की। इस दौरान 2 मैरिज होम के संचालक ने मौके पर नगर निगम की टीम को फीस जमा करवाई। वहीं 1 मैरिज होम संचालक पैसे जमा नहीं करवा पाया। नगर निगम ने कार्रवाई से पहले मैरिज होम संचालकों को कई बार नोटिस दिये थे।
बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे थे मैरिज होम
नगर निगम के ARI कालू राम सेन ने बताया कि तीन मैरिज होम का नगर निगम में रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ था। बिना रजिस्ट्रेशन के तीनों मैरिज होम में शादियां हो रहीं थी, इसलिए आज नगर निगम की टीम इन मैरिज होम पर कार्रवाई करने के लिए रवाना हुई थी। सबसे पहले सारस चौराहे स्थित मदन मोहन मैरिज होम को सीज किया गया। मदन मोहन मैरिज होम पर 2 लाख 77 हजार 2 सौ 30 रुपए बकाया है।
2 मैरिज होम संचालकों ने मौके पर जमा करवाए पैसे
इसके बाद नगर निगम की टीम ने महताब वाटिका मैरिज होम को सीज किया। महताब वाटिका मैरिज होम पर 1 लाख 92 हजार 850 रुपए बकाया था। सीज करने के बाद महताब वाटिका मैरिज होम के संचालक ने 1 लाख 92 हजार 850 रुपए जमा करवाए। उसके बाद ईगल नेक्स्ट मैरिज होम को सीज करने के लिए टीम पहुंची।

नगर निगम कई बार दे चुका था नोटिस
ईगल नेक्स्ट होटल संचालक ने 3 लाख 64 हजार रुपए जमा करवा दिए। इसके बाद दोनों मैरिज होम को सीज नहीं किया गया। इससे पहले भी मैरिज होम संचालक को कई बार नोटिस दिया गया था। उसके बाद भी मैरिज होम संचालक ने कोई रिस्पांस नहीं दिया था। वहीं जानकारी करने पर पता लगा की चौथे मैरिज होम शिव शक्ति में शादियां नहीं होती, इसलिए उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।





