बेंगलूरु से जयपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-469 में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया। जब विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उड़ान के दौरान यात्री को तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने तत्काल पायलट को सूचना दी।
पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जयपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को यात्री की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। जैसे ही विमान जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया। विमान के रनवे पर पहुंचते ही यात्री को तुरंत एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में लाया गया।
एयरपोर्ट पर डॉक्टरों ने जांच कर प्राइवेट अस्पताल रेफर किया एयरपोर्ट स्थित मेडिकल रूम में मौजूद डॉक्टरों ने यात्री की प्राथमिक जांच और इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार यात्री को पेट दर्द की गंभीर समस्या थी। इसके चलते आगे के इलाज की जरूरत बताई गई। इसके बाद यात्री को एम्बुलेंस के जरिए EHCC अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार समय रहते सूचना मिलने और तुरंत कार्रवाई के चलते यात्री को समय पर मेडिकल सहायता मिल सकी। फिलहाल यात्री का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






