जयपुर : देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट है. ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की वित्तीय वर्ष 2026-27 के केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बजट को 150 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों को साकार करने वाला अमिट दस्तावेज बताया उन्होंने कहा कि बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने बजट में किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं, नौकरीपेशा, उद्यमी, कारोबारी सहित हर वर्ग को राहत दी है. शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढ़ांचे, ग्रामीण विकास के साथ-साथ जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने पर विशेष फोकस किया गया है. साथ ही, अन्य सेक्टर्स के साथ-साथ देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए भी अनेक घोषणाएं की गई है.
बजट से देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण एनर्जी ट्रांजिशन परियोजनाओं को और मजबूती मिलेगी, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में प्रयुक्त लिथियम-आयन सेल विनिर्माण का उपयोग करने वालों बैटरियों में लिथियम आयन सेल विनिर्माण के लिए प्रयुक्त पूंजीगत वस्तुओं को दिए जाने वाले बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट की समय सीमा को जारी रखने से बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा.
सोलर ग्लास की मैन्यूफैक्चरिंग में उपयोग के लिए सोडियम एंटीमानेट के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट से क्लीन एनर्जी के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा. न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए आवश्यक वस्तुओं के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट वर्ष 2035 तक बढ़ाने तथा इसे सभी क्षमता के संयंत्रों पर लागू करने के निर्णय से परमाणवीय ऊर्जा परियोजनाओं को और गति मिलेगी.
ऊर्जा मंत्री ने आगे कहा कि विदेश यात्रा पैकेज सस्ते करने हाई स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने भारत को ग्लोबल डेटा सेंटर के रूप में विकसित करने एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपए के कोष तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, 17 एंटी कैंसर दवाओं और 7 अन्य दुर्लभ बीमारियों की दवाओं के सस्ती होने से उपचार सस्ता होगा. यह बजट PM के कुशल नेतृत्व में भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने वाला सिद्ध होगा.






