राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की 3 भर्तियों वनपाल, महिला पर्यवेक्षक और कृषि पर्यवेक्षक के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इन भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 11 फरवरी थी। वनपाल भर्ती के लिए 3,76,139 आवेदन आए। अब एक पद के लिए 1452 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला रहेगा।
वहीं महिला पर्यवेक्षक भर्ती में 1,24,143 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। इस भर्ती में प्रति पद 1724 अभ्यर्थियों में टक्कर रहेगी। कृषि पर्यवेक्षक के लिए 1,83,396 आवेदन आए। इस कारण इस भर्ती में एक पद पर 167 अभ्यर्थियों के बीच ही मुकाबला है। अब दो भर्तियां एलडीसी और लैब असिस्टेंट के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इन सभी 5 भर्तियों में पदों की संख्या 12,879 है।
इस दिन होगी तीनों भर्तियों की परीक्षा
वनपाल भर्ती परीक्षा 28 जून को, महिला पर्यवेक्षक के लिए 18 जून को और कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 18 अप्रैल को होगी। चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि तीनों भर्तियों में आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करेगा। तय तिथि पर परीक्षाएं आयोजित होगी।

एलडीसी के आवेदन की अंतिम तिथि आज
- एलडीसी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 फरवरी है। इस भर्ती के लिए कुल 10,644 पद है। अब तक 5,18,551 आवेदन आ चुके हैं।
- लैब असिस्टेंट 804 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी है। इसमें अब तक 4,67,701 आवेदन हुए हैं।





