जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-125 पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पूनिया की प्याऊ ग्राम पंचायत क्षेत्र के 20 मील चौराहे के पास तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई। इस घटना में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह हादसा तोलागिरी महाराज गोशाला के सामने हुआ। 20 मील चौराहे से जोधपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही एसयूवी के चालक को अचानक वाहन बचाने के लिए सड़क से नीचे उतरना पड़ा।
नियंत्रण बिगड़ने पर एसयूवी सर्विस रोड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगाई गई लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे किया, जिससे यातायात बाधित नहीं हुआ। वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने एनएच-125 पर तेज रफ्तार और ओवरटेक के कारण बढ़ते हादसों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।






