बदनौर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 158 पर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह घटना शनिवार देर शाम पड़ासोली चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुई।
मृतक की पहचान रामगढ़ के पास नायकों का खेड़ा निवासी 19 वर्षीय सत्यनारायण नायक के रूप में हुई है। घायलों में इंद्रपुरा निवासी प्रभु लाल पुत्र सुवालाल नायक शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा से उदयपुर रेफर किया गया है। एक अन्य घायल का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना राहगीरों ने तत्काल बदनौर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। नेशनल हाईवे 158 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर क्षेत्रवासियों में चिंता बनी हुई है।





