राजस्थान के मौसम में आज बदलाव देखने को मिलेगा। दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर, अजमेर संभाग के साथ जोधपुर संभाग के जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में अलर्ट जारी किया है। जयपुर सहित कई जिलों मंगलवार सुबह से तेज हवा चल रही है और घने बादल छाए हुए हैं। इस सिस्टम का सर्वाधिक असर 18 फरवरी को रहेगा।
दिन का तापमान 35 डिग्री के करीब
पिछले 24 घंटे में राज्य में सभी जगह आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप रही। सिरोही, हनुमानगढ़ और बारां को छोड़कर सोमवार को शेष सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ।
कल 25 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में 17 और 18 फरवरी को मौसम में बदलाव रहेगा। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाने के साथ-साथ कहीं-कहीं तेज हवाएं और ओले भी गिर सकते हैं। कल 25 जिलों में बदले मौसम का असर दिखेगा।






