उद्योग भवन कट के पास सोमवार शाम एलिवेटेड रोड से उतरते समय पत्थरों से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर सिग्नल पर खड़ी 8 गाड़ियों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दो लेन में 80 फीट तक वाहन चपेट में आ गए। इसमें एक ऑटो चालक घायल हुआ। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
साउथ थाना पुलिस ने बताया कि सोडाला की ओर से आ रही ग्रे नाइट पत्थरों से भरी पिकअप एलिवेटेड रोड से उतरते समय अनियंत्रित हो गई। उसकी रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा थी। इससे लाल बत्ती पर खड़ी 7 कार और एक ऑटो इसकी चपेट में आ गए। दो लेन में खड़ी कारों और एक ऑटो को करीब 80 फीट तक घसीट लिया गया। कई वाहनों के आगे और पीछे के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
भारी वाहन का मोमेंटम ज्यादा, इसलिए 80 फीट तक असर
- सामान्य पिकअप की जगह पत्थरों से लदी पिकअप का वजन ज्यादा होता है। तेज रफ्तार उसे और ताकतवर बनाती है, इसीलिए इतनी ताकत से टक्कर हुई।
- एलिवेटेड रोड से उतरते समय गुरुत्वाकर्षण वाहन को आगे खींचता है।
- भारी वाहन को रोकने में ज्यादा दूरी लगती है, लेकिन गति 60 की थी। ऐसे में वाहन रुकना मुश्किल था।
- सिग्नल पर गाड़ियां कम गैप में खड़ी होती हैं, जिससे ज्यादा इंपैक्ट हुआ।
- पहली गाड़ी आगे वाली से टकराई और ऊर्जा आगे बढ़ती गई।
- तेज और भारी झटके की स्थिति में ब्रेक लगे वाहन भी आगे खिसक सकते हैं।
भास्कर एक्सपर्ट – खेम सिंह, पूर्व जिला परिवहन अधिकारी
- हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़ फरार एक ऑटो चालक घायल }एलिवेटेड व 22 गोदाम सर्किल तक जाम, 2 घंटे बाद सामान्य हुआ ट्रैफिक
हादसा- शाम 6:15 बजे, 8 बजे ट्रैफिक सामान्य
दफ्तरों की छुट्टी का समय होने से मौके पर जाम लग गया। एलिवेटेड रोड और 22 गोदाम सर्किल तक कतार लग गईं। पुलिस ने 22 गोदाम की ओर जाने वाले वाहनों को सहकार मार्ग की ओर डायवर्ट किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने में दो घंटे लगे। इसके बाद ट्रैफिक सामान्य हुआ। एक ऑटो चालक को चोट लगी, जिसे उपचार के बाद एसएमएस से छुट्टी दे दी गई।






