Home » राजस्थान » शादी के नाम पर युवकों से ठगी,गिरोह का सरगना गिरफ्तार:दो साल से फरार था आरोपी; रुपए नहीं देने पर झूठे रेप में फंसाने की देते धमकी

शादी के नाम पर युवकों से ठगी,गिरोह का सरगना गिरफ्तार:दो साल से फरार था आरोपी; रुपए नहीं देने पर झूठे रेप में फंसाने की देते धमकी

शादी के नाम पर युवतियों की खरीद-फरोख्त और कुंवारे युवकों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। मामले में दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी भंवरलाल शर्मा को जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की सीआईडी अपराध शाखा द्वारा की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका गिरोह बाहरी राज्यों से गरीब युवतियों को शादी या रोजगार का झांसा देकर राजस्थान लाते थे। बाद में इन युवतियों को पश्चिमी राजस्थान के कुंवारे युवकों से मोटी रकम लेकर फर्जी शादी के नाम पर सौंप दिया जाता था। गिरोह का नेटवर्क कोलकाता, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड तक फैला हुआ था।

फर्जी शादी और 3 लाख रुपए तक वसूलते यह कार्रवाई एसपी सीआईडी सीबी ज्येष्ठा मैत्रेयी के सुपरविजन में की गई। आरोपी की गतिविधियों पर लंबे समय से तकनीकी और मानवीय निगरानी रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना के आधार पर भांकरोटा के जयसिंहपुरा इलाके में दबिश दी गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे थाना गिड़ा जिला बालोतरा पुलिस के सुपुर्द किया गया।

एसपी सीआईडी सीबी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया- परिवादी मगाराम से ₹2.50 लाख लेकर झूठा समझौता कराया गया। इसके अलावा अन्य युवकों से प्रति लड़की ₹3 लाख तक की मांग की जाती थी।

2005 से सक्रिय है आरोपी जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2005 से आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण, फिरौती, धोखाधड़ी, दुष्कर्म, बलवा, संपत्ति नुकसान, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। जयपुर, अजमेर, केकड़ी और बालोतरा सहित कई जिलों में उसके खिलाफ केस दर्ज रहे हैं।

गिरोह के अन्य बदमाशों के भी सामने आने की संभावना पुलिस ने कहा- आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से गिरोह से जुड़े अन्य बदमाश, एजेंट और संभावित पीड़ितों के बारे में अहम जानकारियां सामने आएंगी। कार्रवाई से अंतरराज्यीय मानव तस्करी और विवाह के नाम पर होने वाली ठगी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

7k Network

Top Headlines

नशे के खिलाफ जयपुर पुलिस का बिगुल: ‘नो टू ड्रग्स -वेक अप जयपुर’  अभियान शुरू

युवा पीढ़ी को नशामुक्त बनाने के लिए शिक्षा संस्थानों में चलेगा व्यापक जन-जागरूकता अभियान न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा जयपुर।