जयपुर-नागौर-फलोदी मेगा हाईवे पर स्कूल बस का एक्सीडेंट हो गया। रोड पर गड्ढों से अनियंत्रित हुई स्लीपर बस ने स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान 11 हजार केवी का बिजली पोल टूटकर स्कूल बस पर गिर गया। बिजली बंद होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
फुलेरा थाना पुलिस ने बताया- हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे फुलेरा में खतवाड़ी मोड़ पर हुआ। पुलिस ने हादसे में घायल 6 स्टूडेंट्स को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। स्लीपर बस में सवार लोग शादी में शामिल होने जा रहे थे।
अनियंत्रित स्लीपर बस ने पहले पोल को टक्कर मारी, फिर पेड़ से टकराकर रुकी फुलेरा थाना पुलिस ने बताया- स्लीपर बस में सवार होकर लोग फरीदाबाद से मकराना शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर-नागौर-फलोदी मेगा हाईवे पर खतवाड़ी मोड़ पर स्कूल की एक बस स्टूडेंट्स को बैठाने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान सड़क पर गड्ढों के चलते जोबनेर से आ रही स्लीपर बस अनियंत्रित हो गई। इस कारण स्लीपर बस रोड किनारे लगे 11 हजार केवी के पोल से जा टकराई।
टक्कर से पोल टूटकर वहां खड़ी स्कूल बस के ऊपर गिरा। स्लीपर बस पोल तोड़ते हुए बस स्टैंड पर लगी कुर्सियों में जा घुसी। वहां बैठे लोगों ने भागकर जान बचाई। उसके बाद अनियंत्रित स्लीपर बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मारी और एक पेड़ से टकराकर रुकी।
स्टूडेंट्स को प्राइवेट अस्पताल में कराया भर्ती हादसे में स्कूल बस में सवार 6 स्टूडेंट्स घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया।
ग्रामीण रामनारायण जाट ने कहा- बारिश के चलते 11 हजार केवी बिजली लाइन में फाल्ट हो गया था। इसके कारण बिजली कटी हुई थी। पोल से टकराने के समय बिजली बंद होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।





