चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश के राजकीय सैटेलाईट, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जांच एवं उपचार सुविधाओं में यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसकी जांच कर आवश्यक पूर्ति की जाएगी।
मंत्री गजेन्द्र सिंह ने प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रशान्त शर्मा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि आमेर का सैटेलाइट अस्पताल एक हेरिटेज भवन में संचालित हो रहा है। यहां जगह की कमी होने के साथ ही भवन की संरचना में किसी प्रकार का परिवर्तन भी संभव नहीं है। अस्पताल को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए विभाग द्वारा जेडीए को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। नई भूमि उपलब्ध होते ही स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा से संबंधित राजकीय सैटेलाइट चिकित्सालयों में मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी सहित विभिन्न प्रकार की जांचें निःशुल्क की जा रही हैं। इन चिकित्सालयों में मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र, अस्थिरोग, फिजियोथेरेपी, सर्जरी, दंत, गायनिक, शिशु रोग, क्षयरोग, चर्म रोग सहित विभिन्न विभागों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध हैं। साथ ही 24×7 आपातकालीन सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
वहीं प्रदेश के चिह्नित 2065 डिलीवरी प्वाइंट्स पर गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद 42 दिन तक सभी चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल एवं सैटेलाइट चिकित्सालयों में 56 प्रकार की जांचें, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 37 प्रकार की तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व डिस्पेंसरी में 15 प्रकार की जांचों का प्रावधान उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना (दवा) के तहत सैटेलाइट चिकित्सालयों में 1097, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 771 व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 546 प्रकार की दवाएं आवश्यक दवा सूची में शामिल कर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र आमेर के सैटेलाइट, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुसार औषधि, उपचार एवं उपकरण उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आमेर विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में संवर्गवार कुल 247 पद स्वीकृत हैं।





