Home » राजस्थान » 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अजमेर दौरा, राजस्थान को मिलेंगी विकास की नई सौगातें:मदन राठौड़

28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अजमेर दौरा, राजस्थान को मिलेंगी विकास की नई सौगातें:मदन राठौड़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को अजमेर प्रवास के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के केंद्र अजमेर दौरे पर आ रहे हैं।उनका यह दौरा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक एवं विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। प्रधानमंत्री के आगमन पर कई विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन होंगे तथा युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी किसी क्षेत्र में जाते हैं,वहां विकास को नई गति मिलती है।पूर्व में बीकानेर क्षेत्र में भूमि परीक्षण अभियान प्रारंभ कर किसानों को उनकी भूमि की उर्वरक क्षमता जानने की सुविधा दी गई,जिससे उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिली। वे बाड़मेर में रिफाइनरी परियोजना के उद्घाटन के लिए भी आए थे,जिससे पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली।इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जयपुर प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच लंबित जल विवाद का समाधान कर ‘रामजल सेतु परियोजना’ का शुभारंभ किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों ईआरसीपी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कोई ठोस कार्य नहीं किया।केंद्र के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा लगातार बैठकें बुलाए जाने के बावजूद तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिव स्तर तक प्रतिनिधि नहीं भेजा, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने मध्यप्रदेश के साथ सकारात्मक संवाद कर समझौते को अमलीजामा पहनाया। इसी प्रकार हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना जल समझौते के समाधान की दिशा में भी सकारात्मक पहल हुई है।केंद्र,हरियाणा और राजस्थान में भाजपा सरकार होने से “ट्रिपल इंजन सरकार” के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राज्य की भजनलाल सरकार के नेतृत्व में राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।सौर एवं पवन ऊर्जा को बढ़ावा दिया गया है तथा अब किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की स्थिति बन गई है।इतना ही नहीं, निवेशक स्थिर और पारदर्शी सरकार में विश्वास रखते हैं।पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में अस्थिरता,बिजली और पानी की कमी के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ था,जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हस्ताक्षरित किए,जिनमें से 8 लाख 33 हजार करोड़ रुपए के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं।रोजगार के मामले में भजनलाल सरकार ने एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति दे दी है तथा पांच लाख रोजगार देने के लक्ष्य की दिशा में कार्य तेजी से प्रगति की ओर है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान सरकार ने जो कहा, वह कर दिखाया है।विधानसभा में भी कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष और भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यों पर चर्चा की चुनौती दी गई तो उसे स्वीकार करते हुए चर्चा की,लेकिन विपक्ष इससे बचता हुआ भाग रहा है।राज्य की भजनलाल सरकार ने किसानों के हित में तारबंदी पर सब्सिडी,बिना ब्याज ऋण,न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद,भंडारण सुविधा तथा कृषि उपकरणों पर टैक्स में राहत जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं। किसान अब अपनी उपज देश के किसी भी हिस्से में बेहतर मूल्य पर बेच सकते हैं।पहले किसान टमाटर और प्याज सड़कों पर फेंकने को मजबूर होते थे, अब ऐसी स्थिति नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भारतमाला परियोजना एवं दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स से राजस्थान को विशेष लाभ मिल रहा है।बालोतरा से पाली होते हुए प्रमुख मार्गों से जुड़ने वाला नया मार्ग भी प्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को गति देगा। मजदूरों के हित में मनरेगा में सुधार करते हुए वीबी जी रामजी लाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।डिजिटल उपस्थिति अनिवार्य की गई है ताकि मजदूरों को भुगतान सीधे बैंक खातों में मिले।कार्य दिवस 100 से बढ़ाकर 125 किए गए हैं तथा कृषि कार्यों के लिए अतिरिक्त 60 दिनों का प्रावधान किया गया है।पहाड़ी क्षेत्रों में 25 दिन अतिरिक्त रोजगार देने की व्यवस्था की गई है।राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे है और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा।प्रेसवार्ता के बाद राठौड़ ने मोदी की सभा के लिए आमंत्रण पोस्टर का विमोचन किया। प्रेसवार्ता में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल,मिथिलेश गौतम सहित जिले के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

भीलवाड़ा में दो नशा तस्करों को 4-4 साल की सजा:40-40 हजार रुपए का जुर्माना, कोर्ट ने 6 साल पुराने केस में सुनाया फैसला

भीलवाड़ा में अवैध अफीम डोडा चूरा तस्करी के छह साल पुराने मामले में कोर्ट ने दो आरोपियों को दोषी करार