भरतपुर में ग्रामीणों ने शराब गोदाम में आग लगा दी।गोदाम का विरोध कर रहे 50 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे हाथ में लाठी और पत्थर लेकर पहुंचे। भीड़ गोदाम के शटर और जालियां तोड़ने लगी।
यह देख अंदर काम कर रहे तीन कर्मचारियों ने उग्र भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में से कुछ लोगों ने गोदाम में आग लगा दी। तीनों कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। गोदाम में रखी करीब 15 लाख की शराब जल गई।
मामला रूपवास थाने के बिनउआ और जरेला गांव के बॉर्डर का गुरुवार दोपहर तीन बजे का है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तक तक भीड़ जा चुकी थी। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फोटोज में देखिए …





महिलाओं ने लाठी -पत्थर से शटर-जालयिां तोड़ने का किया प्रयास
गोदाम के कर्मचारी बनवारी ने बताया कि शराब का गोदाम बिनउआ और जरेला गांव के पास है। इस गोदाम की दुकान बिनउआ गांव में है। दोपहर करीब तीन बजे 50 से ज्यादा लोग हाथों में लाठी और डंडे लेकर आ रहे थे। हमें लगा की कहीं दूसरी जगह जा रहे हैं।
इसी दौरान ये लोग गोदाम की तरफ बढ़ने लगे। कुछ देर बाद यहां भीड़ जमा हो गई। इस दौरान महिलाएं और उनके साथ आए लोगों ने लाठी और पत्थर से गेट, शटर और यहां लगी जालियां तोड़ने लगे। हम लोगों ने समझाने का प्रयास भी किया लेकिन, वे नहीं माने।

गोदाम में लगाई आग, भागकर बचाई जान
कर्मचारी बनवारी ने बताया कि मैं लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने गोदाम के ऊपर रखे छप्पर में आग लगा दी। कुछ देर बाद आग गोदाम के अंदर पहुंच गई। हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग लगाने के बाद ग्रामीण भी मौके से फरार हो गए। मेरे साथ अन्य कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश कि लेकिन, आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
बनवारी ने बताया कि यह गोदाम सतीश कुमार जैसवाल के नाम से है। जरेला गांव के ग्रामीणों ने कभी भी गोदाम को लेकर विरोध नहीं किया था। आज अचानक उन्होंने गोदाम में आग लगा दी। आग में गोदाम में रखी करीब 15 लाख की शराब जल गई।
रूपवास थाना अधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि शराब के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर टीम को भेजा गया है। शिकायत आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





