जयपुर। आपदा प्रबंधन मंत्री किरोड़ी लाल ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां की तहसील बावड़ी में वर्ष 2022 रबी फसलों में पाला एवं शीतलहर के कारण 33 प्रतिशत से अधिक फसल खराबा हुआ। इससे प्रभावित 17 हजार 324 काश्तकारों का डेटा डीएमआइएस (आपदा प्रबंधन सूचना प्रणाली) पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। इनमें से 16 हजार 928 काश्तकारों को एसडीआरएफ नोर्म्स के अनुसार 27.80 करोड़ रुपये की कृषि आदान अनुदान राशि स्वीकृत की गई थी। इस स्वीकृत राशि में से 16 हजार 454 काश्तकारों को 27.2 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 474 काश्तकारों को लगभग 70 लाख का भुगतान उनके जनाधार में बैंक विवरण अपडेट नहीं होने, काश्तकारों के पलायन करने, महिला काश्तकारों की अन्य राज्य में शादी होने एवं काश्तकारों की मृत्यु होने के कारणों से लंबित हैं।
आपदा प्रबंधन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य श्री भैरा राम चौधरी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोष कार्यालय द्वारा कृषि आदान अनुदान की राशि ईसीएस से काश्तकार के बैंक खाते में जमा होने के बाद काश्तकार की मृत्यु होती है, तो ऐसी स्थिति में यह राशि काश्तकार के विधिक वारिस को उत्तराधिकार प्रमाण पत्र या नॉमिनी के अनुसार भुगतान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा कृषि आदान अनुदान भुगतान के लिए बिल तैयार कर कोष कार्यालय में भिजवा दिए गए हों, लेकिन काश्तकार के खाते में राशि ईसीएस होने से पूर्व उसकी मृत्यु हो जाए, तो बैंक द्वारा सम्बंधित खाते को बंद कर दिया जाता है। इससे राशि काश्तकार के खाते में जमा नहीं होकर दोबारा राजकोष कार्यालय में जमा हो जाती है।
इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में आपदा प्रबंधन मंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा विगत 2 वर्षों में (वर्ष 2024 एवं 2025) में विधानसभा क्षेत्र ओसियां में अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं से किसानों द्वारा बोई गई फसलों में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबे से प्रभावित कुल 31 हजार 102 काश्तकारों को केंद्र सरकार द्वारा जारी एसडीआरएफ नोर्म्स अनुसार 56.91 करोड़ रुपये की कृषि आदान अनुदान राशि स्वीकृत की गई हैं। इसमें से 1084 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान किए जाने के लिए 2.26 करोड़ रुपये के विपत्र/बिल कोष कार्यालय को भिजवाए गए हैं। इनमें ईसीएस किए जाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। शेष 30 हजार 18 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान के लिए 54.65 करोड़ रुपये का शीघ्र बजट आवंटन कर चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में किसानों के खातों में जमा करवाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
श्री किरोड़ी लाल ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां में वर्ष 2023 (संवत 2080) में (तहसील बावड़ी, ओसियां एवं तिवरी) सूखे से प्रभावित 38 हजार 651 काश्तकारों के खातों मे 46.96 करोड़ रुपये की कृषि आदान अनुदान राशि जमा कराई गई है। इस अवधि के 822 काश्तकारों का जनाधार में बैंक विवरण गलत दर्ज होने के कारण कृषि आदान अनुदान भुगतान से शेष है। काश्तकारों द्वारा जनाधार में बैंक विवरण अपडेट कराने पर शीघ्र भुगतान कर दिया जाएगा।
उन्होंने जानकरी दी कि अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं से फसलों में खराबा होने पर केंद्र सरकार द्वारा जारी एसडीआरएफ नोर्म्स के अनुसार कृषि आदान अनुदान भुगतान किया जाता है। एसडीआरएफ नोर्म्स में संशोधन भारत सरकार के स्तर पर ही किया जा सकता है। एसडीआरएफ नोर्म्स में संशोधन राज्य सरकार के स्तर पर नहीं किया जाता है।
उन्होने बताया कि विधान सभा क्षेत्र ओसियां की तहसील बावड़ी खरीफ फसल वर्ष 2024 (संवत 2081) में बाढ़ से फसल खराबा होने पर 10 प्रभावित काश्तकारों की 1.11 लाख रुपये काश्तकारों के जनाधार में बैक खाता विवरण अपडेट नहीं होने के कारण भुगतान से शेष है। वर्ष 2025 (संवत 2082) में बाढ़ से फसल खराबा होने पर 9 हजार 461 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान के लिए एसडीआरएफ नोर्म्स के अनुसार राशि रुपये 1223.23 लाख स्वीकृत की गई है। इसमें 1084 काश्तकारों को कृषि आदान अनुदान भुगतान के लिए 226.02 लाख रुपये की राशि के विपत्र/बिल कोष कार्यालय को भिजवा दिए गए हैं। इनमें ईसीएस किए जाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। शेष 8 हजार 387 काश्तकारों को 998.32 लाख रुपये की राशि का शीघ्र बजट आवंटन कर चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में किसानों के खातों में जमा करवाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।






