राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग एवं संबंधित विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय बृज होली महोत्सव-2026 के द्वितीय दिवस शुक्रवार को कामां परिक्षेत्र में पारंपरिक होली के विविध स्वरूपों का पूर्ण गरिमा, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण वातावरण के मध्य सफल आयोजन किया गया।
निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार,लाल दरवाजा,कामां पर विधि-विधान पूर्वक गणेश पूजन के साथ महोत्सव के द्वितीय दिवस का विधिवत शुभारंभ हुआ।तदुपरांत कामां के प्रमुख मंदिरों में सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए गुलाल होली,कुन्ज गुलाल होली,दूध-दही होली, लड्डू होली एवं लट्ठमार होली के अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न हुए।इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं व्यवस्थापकों द्वारा दर्शनार्थियों एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए।
इसके पश्चात गोपीनाथ जी मंदिर एवं राधा वल्लभ जी मंदिर से गोकुल चन्द्रमा मंदिर तक राजस्थानी लोक कलाकारों के सांस्कृतिक प्रदर्शन के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों ने अनुशासित रूप से सहभागिता की। तत्पश्चात श्री राधा वल्लभ जी मंदिर में पूर्ण आस्था और व्यवस्था के साथ फूलों की होली एवं लट्ठमार होली का आयोजन किया गया।
महोत्सव के सांध्यकालीन सत्र में पवित्र विमल कुंड पर महाआरती एवं दीपदान का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत श्री गोपीनाथ जी मंदिर में पारंपरिक होरी के रसिया का गायन संपन्न हुआ। वहीं कोट ऊपर स्टेडियम, कामां में आयोजित हो रही विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ इस दो दिवसीय गौरवशाली बृज होली महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
पर्यटन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा इस वृहद आयोजन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु समस्त जिलेवासियों, पर्यटकों, सुरक्षाकर्मियों एवं अन्य सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।






