प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। जनसभा में मोदी ने कहा- कांग्रेस को कुकर्मों के लिए देश कभी माफ नहीं करेगा। पूरे देश में कांग्रेस लगातार हार रही है और गुस्से में इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है। कभी कांग्रेस INC यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी। अब INC नहीं बची है। आज वो MMC बन गई है। MMC यानी मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस।
शनिवार को PM मोदी अजमेर के कायड़ विश्रामस्थली में सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले अभियान की शुरुआत में मनीषा रावत, भूमिका, पूर्वी अग्रवाल, चंचल, चिड़िया मेघवंशी को वैक्सीनेशन लगाई गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लड़कियों से वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ली। साथ ही यह भी पूछा कि टीका क्यों लगाया जाता है?
प्रधानमंत्री ने छात्राओं से एग्जाम के बारे में बात की। पूर्वी अग्रवाल और चंचल ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री से बात करके बहुत अच्छा लगा। प्रधानमंत्री ने युवाओं को सरकारी नौकरी के जॉइनिंग लेटर भी दिए।

मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें…
1- दुनिया के सामने कांग्रेस ने देश को बेइज्जत किया हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ। इसमें कई देशों के पीएम-राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री आए। दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों के लीडर एक छत के नीचे इकट्ठे हुए। भारत की खुले मन से प्रशंसा की। हताशा, निराशा में डूबी कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत किया।
2- किसानों को साधने की कोशिश पीएम मोदी ने कहा- नदियों को जोड़ने का अभियान शुरू किया है। इसका अधिक फायदा राजस्थान को मिलना तय है। संशोधित पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना हो, यमुना राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट हो, डबल इंजन सरकार ऐसी अनेक सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज भी झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी के लिए पानी की अनेक परियोजनाओं के लिए काम शुरू हुआ है। हमारा प्रयास है राजस्थान में भूजल का स्तर में सुधार हो।
3- मुस्लिम लीग की राह पर कांग्रेस इतिहास गवाह है, मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी। इसीलिए मुस्लिम लीग ने देश को बांट दिया। आज कांग्रेस भी वही कर रही है। माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ये घात लगाकर हमले करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है। कांग्रेस के ऐसे कुकर्मो को, देश कभी माफ नहीं करेगा।
4- सेना ने देश का मान बढ़ाया बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चें पर, आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया। हमारी सेना हर मिशन, हर मोर्चें में विजय रही। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक वीरता का लोहा मनवाया। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को आगे बढ़ाया। देश के लिए जो भी शुभ है, जो भी अच्छा है, जो भी देशवासियों का भला करने वाला है कांग्रेस उसका विरोध करती है। देश आज कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।
5- इजराइल में आज भी याद किए जाते हैं राजस्थान के सपूत राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को इजरायल के लोग आज भी याद करते हैं। मुझे (PM मोदी) भी इजराइल की संसद में मेजर दलपत सिंह के शौर्य को नमन करने का मौका सौभाग्य मिला। राजस्थान के वीर बांकुरों की इजराइल के हाइफा शहर को आजाद कराने में जो भूमिका थी, उसका गौरव गान करने का अवसर मिला।
सभा स्थल की PHOTOS…










