राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार एवं आधुनिकीकरण से लॉजिस्टिक्स लागत में कमी,निवेश को बढ़ावा, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित:— मदन राठौड़
न्यूज इन राजस्थान जयपुर सुनील शर्मा
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘भारतमाला परियोजना’ एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के माध्यम से देशभर में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ राजस्थान को भी मिल रहा है। राठौड़ ने कहा कि केंद्र की दूरदर्शी नीतियों के कारण देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विकास हो रहा है। वर्तमान में देशभर में लगभग 27,300 किलोमीटर लंबाई की 1,244 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिन पर लगभग 7.60 लाख करोड़ रुपए की लागत आ रही है। राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के सवाल के जवाब में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने सदन में यह जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में भी सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 772 किलोमीटर लंबाई की 36 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं लगभग 13,011 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त ‘भारतमाला परियोजना’ के तहत राज्य में लगभग 2,360 किलोमीटर लंबाई की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्थान में लगभग 514 किलोमीटर लंबाई की 18 नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लगभग 9,104 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं में झुंझुनूं-चिडावा-सिंघाना, नागौर बाईपास, जोधपुर एलिवेटेड रोड एवं सूरतगढ़-श्रीगंगानगर जैसे महत्वपूर्ण मार्गों का विकास शामिल है, जिससे प्रदेश में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार राजस्थान में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क को भी मजबूत कर रही है। राज्य में लगभग 1,310 किलोमीटर लंबाई के छह प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं पर लगभग 43,398 करोड़ रुपए की लागत से कार्य चल रहा है, जिनमें से अधिकांश हिस्से पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राजस्थान में लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






