शहीद सैनिकों के परिजनों व भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण की बेनीवाल ने रखी मांग
दिल्ली स्थित 17 अकबर रोड़ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर की मुलाकात
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अकबर रोड़ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की,सांसद बेनीवाल ने सैनिकों,भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से रक्षा मंत्री के समक्ष रखा।मुलाकात के दौरान नागौर सांसद बेनीवाल ने उनके पास समय-समय पर प्राप्त शहीद सैनिकों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए इस प्रक्रिया को शीघ्र एवं पारदर्शी बनाने की मांग की।इसके साथ ही उन्होंने शहीद परिवारों एवं भूतपूर्व सैनिकों के पैशन व अन्य लंबित परिलाभों से जुड़े कई मामलों से लिखित में रक्षा मंत्री को अवगत करवाया।सांसद हनुमान बेनीवाल ने भूतपूर्व सैनिकों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं,विसंगतियों एवं प्रशासनिक स्तर पर आ रही बाधाओं को भी रक्षामंत्री के समक्ष विस्तार से रखा और इनके शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

इसके अतिरिक्त सांसद ने नागौर संसदीय क्षेत्र के नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले की कॉलेजों में एनसीसी (NCC) से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी चर्चा की व क्षेत्र के अधिकाधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने,नई इकाइयों की स्थापना, संसाधनों के विस्तार एवं प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया।सांसद हनुमान बेनीवाल ने रक्षा मंत्री से मुलाकात के बाद जारी प्रेस बयानों में कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के परिवारों का सम्मान एवं उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रक्षा मंत्री द्वारा इन मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी,गौरतलब है कि यह मुलाकात राजस्थान से जुड़े सैनिकों,पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के हितों की रक्षा एवं उनके लंबित मामलों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.







