रीको औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न विभागों ने किया ‘मॉक ड्रिल’ का संयुक्त अभ्यास
न्यूज इन राजस्थान डीग/जयपुर(सुनील शर्मा)
राज्य सरकार के निर्देशों की अनुपालना में और किसी भी संभावित प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।इस दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष और जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने स्वयं उपस्थित रहकर विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का सघन जायजा लिया।
*कमियों को पहचान कर दुरुस्त करने पर जोर*
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने बताया कि यह मॉक ड्रिल राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों के तहत अपनी तैयारियों को जांचने के लिए आयोजित की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में होने वाली किसी भी प्राकृतिक या मानव-निर्मित आपदा की स्थिति में प्रशासन की क्या तैयारी है,इसे परखने के लिए यह अभ्यास अत्यंत आवश्यक है।जिला कलेक्टर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमें अपनी व्यवस्थाओं की कमियों को पहचानने और उन्हें समय रहते दुरुस्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि भविष्य में डीग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में इस प्रकार की मॉक ड्रिल्स नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी,ताकि सभी संबंधित विभाग और हितधारक किसी भी आपात स्थिति के लिए हमेशा मुस्तैद रहें।
*विभिन्न विभागों का रहा बेहतरीन समन्वय*
इस दौरान पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस विभाग,सिविल डिफेंस,क्विक रिस्पांस टीम,मेडिकल टीम,नगर परिषद की टीम तथा डॉक्टर्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया।इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग,एनसीसी और स्काउट गाइड के सदस्यों ने भी इस पूरी प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई।चिकित्सा विभाग द्वारा एंबुलेंस सेवाओं के साथ-साथ जिला चिकित्सालय में ट्रॉमा और बर्न से संबंधित आपातकालीन व्यवस्थाओं का भी सजीव परीक्षण किया गया।इस मॉक ड्रिल के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां,उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी,तहसीलदार जुगीता मीना सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.







