विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने तारागढ़ किले के विकास के लिए केंद्र से मांगा सहयोग, गजेंद्र सिंह शेखावत से हुई चर्चा
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव वर्ष के तहत आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रमों की गूंज अब राष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दे रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजन को देश की किसी भी विधानसभा में पहली बार हुआ इतना व्यापक और ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को बधाई दी है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजनों, लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण तथा राज्य की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जयपुर में आयोजित “विधायी गौरव यात्रा एवं पूर्व और वर्तमान विधायकों के ऐतिहासिक समागम” को लोकतांत्रिक इतिहास का अनूठा आयोजन बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में 410 पूर्व एवं वर्तमान विधायकों की सहभागिता अपने आप में ऐतिहासिक रही। साथ ही राजस्थान के सांसदों, पूर्व विधानसभा अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों तथा छह या उससे अधिक बार निर्वाचित वरिष्ठ विधायकों का सम्मान किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 से अब तक राजस्थान विधानसभा द्वारा पारित 24 ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कानूनों पर विमर्श कर लोकतांत्रिक यात्रा को नई दिशा देने का कार्य किया गया। इस आयोजन में उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
ओम बिरला ने कहा कि राजस्थान विधानसभा का यह आयोजन देश की लोकतांत्रिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला प्रयास है। उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के नेतृत्व, दूरदृष्टि और बेहतर समन्वय को दिया।
*तारागढ़ किले के विकास के लिए केंद्र से मांगा सहयोग*
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर अजमेर स्थित ऐतिहासिक तारागढ़ किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक सहयोग का आग्रह किया।
देवनानी ने बताया कि राजस्थान सरकार ने राज्य बजट में तारागढ़ किले के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, लेकिन सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़े इस ऐतिहासिक दुर्ग को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तारागढ़ किला भारतीय शौर्य, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से इसे देश के प्रमुख विरासत स्थलों में शामिल किया जा सकता है। इससे अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तारागढ़ किले के ऐतिहासिक महत्व को स्वीकार करते हुए इस विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया
*केंद्रीय नेताओं को भेंट किया विधानसभा का नया लोगो*
दिल्ली प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सुनील बंसल सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान विधानसभा का नया प्रतीक चिह्न (लोगो) भेंट किया।
केंद्रीय नेताओं ने विधानसभा के नए लोगो की सराहना करते हुए इसमें राजस्थान के राज्य पशु ऊंट, राज्य वृक्ष खेजड़ी और राज्य पक्षी गोडावण को शामिल किए जाने को प्रदेश की संस्कृति और पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
इन मुलाकातों से जहां राजस्थान विधानसभा की लोकतांत्रिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है, वहीं राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय का संदेश भी गया है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.










