जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, पाली सहित कई जिलों में बुधवार को बारिश हुई। सुबह से धूप-छांव का खेल चल रहा था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जयपुर में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद करीब दो बजते-बजते रिमझिम बारिश शुरू हो गई। करीब ढाई बजते-बजते राजधानी में झमाझम बारिश शुरू हो गई। चित्तौड़गढ़ के कपासन और आसपास के इलाकों में दोपहर 12 बजे तक हल्की बरसात होती रही। अजमेर के केकड़ी में दोपहर 1 बजे करीब 10 मिनट बारिश हुई।

जयपुर समेत प्रदेश के 17 जिलों के लिए मौसम विभाग ने आज (बुधवार) अलर्ट जारी किया है। अजमेर, भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर, कोहरे के कारण अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में सुबह करीब साढ़े आठ बजे 12 गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। इसके बाद 2 ट्रकों में आग लग गई। ट्रक में सवार दो लोग घायल भी हुए हैं। ड्राइवर्स ने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।

पिछले 24 घंटे में जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर समेत तमाम शहरों में कल (मंगलवार) दिनभर मौसम साफ रहा और कई जगह धूप निकली। जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली समेत कई जिलों में दिन में हल्की गति से कोल्ड-वेव (शीतलहर) चली। लोगों को दिन में भी तेज सर्दी महसूस हुई।




कोटा में सुबह से ही बादल छाए हुए थे। 10 बजे करीब 10 मिनट के लिए हल्की बारिश हुई। भीलवाड़ा में भी सुबह से ही बादल छाए हुए थे। करीब 11:15 बजे 10 मिनट के लिए बरसात हुई।


कपासन (चित्तौड़गढ़) और आसपास के क्षेत्र में बुधवार सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई थी। इसके बाद बादल छाए और 10:15 बजे पांच मिनट तक तेज बारिश हुई। दोपहर करीब 12 बजे तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। अभी भी बादल छाए हुए हैं।

अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर 2 ट्रकों में आग लगी सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) क्षेत्र के ठेठार गांव के पास बीकानेर की ओर जा रहे ट्रक के पीछे कंटेनर ने टक्कर मार दी। ट्रक में लकड़ी के फट्टे लोड थे। टक्कर के बाद कंटेनर के केबिन में आग लग गई। धीरे-धीरे लकड़ी तक आग पहुंच गई। इसको देख ट्रकों के ड्राइवर केबिन से कूद गए। इस दौरान पीछे से आ रहे एक के पीछे एक अन्य वाहन भी टकराते गए। इनमें 8 ट्रक, 3 छोटे वाहन और 1 NHAI की गाड़ी शामिल है। घटना की सूचना के बाद पीलीबंगा (हनुमानगढ़), राजियासर, हनुमानगढ़ की पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों घायलों को पीलीबंगा के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

कल अलवर जिले को छोड़कर सभी शहरों का न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। अलवर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मकर संक्रांति पर साफ रहा था मौसम राजधानी जयपुर में कल मकर संक्रांति पर सुबह 8 बजे से आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। दिन में हल्की हवा चलने से लोगों ने पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। जयपुर में कल न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दौसा में सबसे ज्यादा तापमान कल राजस्थान में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दौसा जिले में दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 23.4, चित्तौड़गढ़ में 22.8, धौलपुर में 22.6, जालोर में 22.7, जैसलमेर में 21.5, जोधपुर में 21.8, बीकानेर में 17.4, चूरू में 19.2, अजमेर में 20.5, सीकर में 19, कोटा में 20.7 और उदयपुर में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अगले दो सप्ताह तक सर्दी से राहत नहीं मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में लोगों को तेज सर्दी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। अगले 12 से 15 दिन तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा नीचे रह सकता है। वहीं 22-23 जनवरी को एक और हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिर्स्टबेंस आने की संभावना है। ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।






