अजमेर की क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने जिला स्पेशल टीम की सूचना पर हथियार सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से एक पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए है। आरोपी ने कुछ दिनों पहले ही 18 हजार में हथियार खरीदा था। पुलिस ने आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्रिश्चियन गंज थाने के एएसआई मंगाराम ने बताया कि अवैध हथियार को लेकर अजमेर एसपी वंदिता राणा की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना प्रभारी अरविंद चरण की ओर से एक टीम का गठन किया गया था। इसी बीच जिला स्पेशल टीम की ओर से सूचना दी गई कि वैशाली नगर स्थित चौपाटी पर एक युवक के पास हथियार बरामद हो सकता है। थाना प्रभारी की ओर से सूचना पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
ASI ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची और पाथवे पर एक संदिग्ध युवक खड़ा हुआ था। पूछताछ करने पर घबरा गया। तलाशी ली तो हथियार बरामद हुआ। टीम ने कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी निवासी भगवान सिंह रावत32) पुत्र हांसु सिंह रावत को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज है। आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुछ दिनों पहले ही रिया बड़ी के रहने वाले व्यक्ति से 18 हजार में हथियार खरीदा था। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।






