राजस्थान पुलिस की सीआईडी (CB) ने एक कार्रवाई करते हुए 10 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो पिछले सात साल से हुलिया बदलकर भागता फिर रहा था। हरियाणा के फरीदाबाद में JCB चलाते हुए बदमाश को सीआईडी की टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश लुकमान मेव, पुत्र उस्मान मथुरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। टोंक पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम रखा था। साल 2019 में लुकमान ने अपने 4-5 साथियों के साथ मिलकर टोंक के उनियारा इलाके में फाइनेंस रिकवरी के बहाने एक व्यक्ति से ट्रैक्टर लूट लिया था। इसके बाद से लुकमान अपनी असली पहचान छुपाकर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छिपकर फरारी काट रहा था।
घेराबंदी कर पकड़ा
एसपी मैत्रयी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में शामिल एसआई शैलेंद्र शर्मा और कॉन्स्टेबल बृजेश शर्मा को सूचना मिली थी कि बदमाश फरीदाबाद के सेक्टर-28 में छिपा है और JCB चलाकर अपनी पहचान छुपा रहा है। सूचना पक्की होते ही टीम ने फौरन दबिश दी। पुलिस को देखते ही लुकमान भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम की मुस्तैदी ने उसे चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।





