पाली जिले में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को दो गाड़ियों में नशे के सामान की तस्करी की सूचना मिली थी।
आरोप है कि पीछा करने पर एक गाड़ी में सवार युवक ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके सीने में गोली लग गई। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वारदात गुरुवार देर रात खिंवाड़ा थाना क्षेत्र की है।

सबसे पहले जानिए- क्या है मामला?
बाली ASP चेनिसंह महेचा ने बताया- पाली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बाली टीम को गाड़ी में डोडा पोस्त होने की सूचना मिली थी। दिवेर घाटी में दो जगह नाकाबंदी की गई थी। गुरुवार रात आगे चल रही एक गाड़ी ने यू-टर्न लिया और उसमें सवार बदमाशों ने भागते समय हवाई फायर किया। टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन बदमाश चकमा देकर फरार हो गए।
दूसरी गाड़ी को फट्टा लगाकर रोकने का प्रयास किया गया। टायर पंचर हो गए, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी गई। इसके बाद टीम ने बदमाशों को रोकने के लिए स्कॉर्पियो के सामने अपनी गाड़ी लगा दी। बदमाशों ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
इस दौरान हुई फायरिंग में सीने में गोली लगने से भूटाराम (36) निवासी सरनाडा डांगियावास (जोधपुर) की मौत हो गई। वहीं दिनेश उर्फ नैनाराम को हिरासत में लिया गया है। गाड़ी में डोडा पोस्त भरा हुआ था। भूटाराम की शादी 3 साल पहले हुई थी। उसके डेढ़ साल की बेटी और 6 माह का बेटा है।






